जंगली सुअर के शिकार मामले में फरार 5 आरोपी भी गिरफ्तार
घोड़ाडोंगरी तहसील की रानीपुर रेंज के गाताखेड़ा में जंगली सूअर का शिकार करने वाले सभी आरोपियों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से जंगली सूअर का मांस भी बरामद किया है। रानीपुर रेंजर विकास सेठ ने बताया गाताखेड़ा गांव में मंगलवार को गन्ने के खेत में आरोपियों ने जंगली सुअर का शिकार किया गया। नदी किनारे इसे पका कर पार्टी कर रहे थे, जिसकी सूचना वन विभाग की टीम को लगी। इस पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एक आरोपी शंभू भुसुमकर को मांस के साथ पकड़ा। अन्य आरोपी फरार हो गए। आज बुधवार को अन्य 5 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। जंगली सुअर का शिकार करने वाले 6 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों में बलिराम लोबो, रामजी शीलू, रजत काजले , कानू लाल धुर्वे, रामदीन शिलुकर शामिल हैं। आरोपियों पर भारतीय वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत वन अपराध पंजीबद्ध किया गया है।