गोमांस की तस्करी के फरार चल रहे आरोपी को अमरावती से किया गिरफ्तार
गोमांस की तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को बैतूल गंज थाना पुलिस ने अमरावती से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी आरिफ पठान मुलताई का निवासी है और बैतूल में किराए का मकान लेकर रहता था। पिछले दिनों गंज क्षेत्र में वह आटो में रख कर गोमांस की तस्करी कर रहा था। इसी बीच सूचना पर गंज थाना पुलिस ने छापा मारा था, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल हो गया था। पुलिस ने गोमांस और आटो जब्त कर लिया था। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आरिफ पठान अमरावती में छिपा है। इस सूचना पर गंज थाना पुलिस की टीम ने उसे अमरावती से दबोच लिया है। उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि अमरावती में इस समय कर्फ्यू चल रहा है और उसके बावजूद पुलिस की टीम वहां पहुंची और आरोपी की गिरफ्तारी करने में सफलता हासिल की। पिछले दिनों रामनगर क्षेत्र के लोगों ने इस घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए ज्ञापन भी सौंपे थे और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने की मांग की थी।