Voluntary Retirement : (बैतूल)। जिले की 4 नगर पालिकाओं में पदस्थ रहे और वर्तमान में मुलताई नगर पालिका में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 जीआर देशमुख के एक ऐलान ने प्रशासनिक गलियारों और नगर पालिकाओं में हड़कंप मचा रखा है। उन्होंने रविवार को फेसबुक पर एक पोस्ट की है वहीं व्हाट्सएप पर भी अपने मित्रों और परिचितों से यह पोस्ट शेयर की है। इसमें उन्होंने वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) लेकर कुछ मामलों का भंडाफोड़ करने की बात कही है।
श्री देशमुख द्वारा की गई इस पोस्ट में कहा गया है कि….
एक सलाह चाहिए मित्रों…
मैं एक सलाह आप लोगों से लेना चाहता हूं? मैं VRS (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) लेना चाहता। क्योंकि सच्चाई का जमाना रहा नहीं है। मैं कुछ वास्तविकता का भंडाफोड करना चाहता हूं और वह भी वास्तविकता, प्रमाणित प्रूफ के साथ ताकि “बंद नेत्र” खुल जाए। इसके लिए मुझे कितने दिन या माह पहले आवेदन देना होगा?
उनके द्वारा यह पोस्ट शेयर किए जाते ही रविवार होने के बावजूद प्रशासनिक गलियारों और नगरीय निकायों में हड़कंप जैसी स्थिति बन गई। इसके साथ ही इस चर्चा में लोग मशगूल हो गए कि आखिर वे कौनसे मामले हैं, जिनका भंडाफोड़ श्री देशमुख करना चाहते हैं और ऐसा करने वे क्यों मजबूर हुए। उल्लेखनीय है कि श्री देशमुख इस समय मुलताई नगर पालिका में सहायक ग्रेड 2 के पद पर पदस्थ हैं। हालांकि फिलहाल उन्हें बैतूल की इलेक्शन शाखा में अटैच कर दिया गया है।
श्री देशमुख सारणी में सहायक ग्रेड-3 के रूप में सारणी नगर पालिका में भर्ती हुए थे। उनका 2006 में सहायक ग्रेड 2 में प्रमोशन हुआ था। उसके बाद उन्हें प्रभारी सीएमओ गैरतगंज रायसेन बना दिया गया। 2009 में यहां पदस्थ रहने के बाद उन्हें भैंसदेही का प्रभारी सीएमओ बना दिया गया। जहां उन्होंने पौने चार साल सेवाए दी। इसी दौरान उन्होंने चिचोली का भी प्रभारी सीएमओ बना दिया गया। देशमुख जिला मुख्यालय के करीब बैतूल बाजार नगर परिषद में भी बतौर सीएमओ पदस्थ रहे जबकि उन्हें आमला का भी प्रभारी सीएमओ बनाया गया।
- Also Read : Betul Samachar : ताप्ती सरोवर में डूबने से किशोर की मौत, चिचोली क्षेत्र से आया था स्नान करने
इस बात से व्यथित होकर उठाया कदम
उनके इस हालिया कदम को लेकर जानकारी जुटाने पर यह बात सामने आई कि श्री देशमुख का तीन माह पहले नगरीय प्रशासन विभाग ने प्रमोशन कर दिया है। लेकिन, अब राजनीति के चक्रव्यूह में फंसकर उनका यह प्रमोशन पचड़े में पड़ा हुआ है। इसके लिए जिस आदेश की जरूरत है।
वह नगरपालिका सारणी से जारी नहीं किया जा रहा है। वे इसी से आहत हैं। इसी से तंग आकर उन्होंने वीआरएस लेने का विचार बनाकर कुछ ऐसे मामलों के भंडाफोड़ का ऐलान कर दिया है जिनके बारे में वे जानकारी रखते हैं। इस मामले में श्री देशमुख ने बताया कि उन्होंने पोस्ट की है और उनके प्रमोशन को लेकर दो दिन का समय दिया है। अगर दो दिन बाद उक्त मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो वे कई मामलों का खुलासा करेंगे।
- Also Read : Accident News: भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर कार से टकराई नील गाय, मौके पर हुई मौत, कार सवारों को आई चोट
संभागीय संचालक कर चुके हैं अनुशंसा
इस संबंध में कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास नर्मदापुरम संभाग नर्मदापुरम् ने पिछले 1 जून को देशमुख की सहायक ग्रेड दो से एक के लिए पत्र जारी किया था। सारणी सीएमओ को भेजे पत्र में कहा गया था कि जिला चयन समिति द्वारा सर्व सम्मति से निकाय द्वारा उपलब्ध कराये गए अभिलेखों एवं जानकारी के अवलोकन सह परीक्षण के उपरांत म.प्र. नगर पालिका सेवा (वेतनमान एवं भत्ता) नियम 1967, म.प्र. नगर पालिका (भर्ती तथा सेवा शर्तें) नियम 1968 – उल्लेखित प्रावधानों एवं म.प्र. लोकसेवा (पदोन्नति) नियम 2002 के प्रावधानों को दृष्टिगत रखते हुये सहायक ग्रेड-1 के रिक्त पद पर निम्नानुसार कर्मचारी को पदोन्नत किए जाने की अनुशंसा की गई है ।
इस पत्र के बाद सारणी नगरपालिका ने 20 मार्च 2023 को पीआईसी की बैठक में प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है। जिसमें जिला चयन समिति की कार्यवाही अनुसार पदोन्नति आदेश जारी किए जाने की सर्व सम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई है। लेकिन, इस प्रक्रिया को महीनों बीत जाने के बावजूद श्री देशमुख का पदोन्नति आदेश जारी नहीं हो सका है। इसे लेकर सारनी नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि उनका प्रकरण पीआईसी में रखा जाना है, जो अगली बैठक में रखा जायेगा। इसलिए पदोन्नति आदेश जारी नहीं हुआ है।