वन विभाग की दादागिरी : खेतों में गेहूं की खड़ी फसल में खोदी खंतियां, किसानों में आक्रोश
▪️ मनोहर अग्रवाल, खेड़ी सांवलीगढ़
विकासखंड भैंसदेही की ग्राम पंचायत केरपानी के जामूठाना गांव में लगभग आधा दर्जन किसानों के खेत में वन विभाग ने खड़ी गेहूं की फसल में खंती खुदाई कर दी है। किसानों में वन विभाग की ज्यादती के विरुद्ध आक्रोश है। उन्होंने इस संबंध में आला अधिकारियों से कार्यवाही की गुहार लगाई है।
दक्षिण वन मंडल के ताप्ती वन परिक्षेत्र अंतर्गत केरपानी सर्किल के जामूठाना बीट में स्थित किसान किसान कुंजीलाल पाटनकर, पंचम, भोला, शिवराम कासदे सहित अन्य आधा दर्जन किसानों ने बताया कि वन विभाग के नाकेदार ने हमारे गेहूं के खेत में जबरन खंतियां खुदवा दी है। जबकि वन विभाग के सीमा चिन्ह खेतों से बहुत दूर हैं।
खेतों को वन विभाग की भूमि बताकर वन विभाग ने हमारे खेतों में फसल सहित खुदाई कर हमारे साथ अन्याय किया है। इस विषय में किसानों ने वनमंडलाधिकारी दक्षिण वन मंडल बैतूल को आवेदन पत्र प्रेषित कर उचित कार्यवाही की मांग की है।
पंचायत के सरपंच भी पीड़ित
ग्राम सरपंच संतराम ने बताया कि उन्होंने भी समीप ही पंचायत की ऒर से लघु तालाब का निर्माण शुरू किया था। जिसे वन विभाग ने सख्ती दिखला कर काम रोक दिया। प्रतिदिन इस तालाब पर 50 मजदूर काम कर रहे थे। बगैर सोचे समझे बीटगार्ड रुतबे से कम बंद करने के लिए कह रहा है। सरपंच ने भी कार्यवाही की मांग उच्चाधिकारियों से की है।



