Update : बैराज में मिले शव की हुई शिनाख्त, पांढरा गांव का है निवासी, घोड़ाडोंगरी में चलाता था आटा चक्की

बैतूल। जिले के घोड़ाडोंगरी नगर के बाजारढाना में धाराखोह नदी के बैराज में शुक्रवार सुबह मिले शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक पांढरा गांव का रहने वाला है। वह घोड़ाडोंगरी में आटा चक्की चलाता था। संभावना जताई जा रही है कि शराब के नशे में बैराज में गिरने से उसकी मौत हुई है।
घोड़ाडोंगरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह बाजारढाना में धाराखोह नदी पर बने बैराज में एक व्यक्ति का शव मिला था। उसकी शिनाख्त पांढरा गांव के निवासी डिमु इवने (50) के रूप में कई गई है। संभावना जताई जा रही है कि वह शराब के नशे में घोड़ाडोंगरी से पांढरा जा रहा था। इसी दौरान बैराज से उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि यह केवल संभावना है और वास्तव में ग्रामीण शराब पिए था या नहीं यह पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
डिमु घोड़ाडोंगरी बस स्टैंड पर आटा चक्की चलाता था। रोजाना वह पांढरा से घोड़ाडोंगरी आना-जाना करता था। अक्सर शाम को वह शराब पीकर ही घर जाता था। संभावना जताई जा रही है कि कल भी वह शराब पीकर जा रहा था। इसी दौरान बैराज के ऊपर उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गया।
घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी प्रभारी नेपाल सिंह ठाकुर ने बताया कि डिमु इवने घोड़ाडोंगरी से पांढरा जा रहा था। बैराज पर उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गया। जिससे कि उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।



