UP Budget 2026-27: अब बेटियों की शादी के लिए मिलेंगे एक लाख रुपये, छात्राओं को वितरित की जाएंगी 400 करोड़ की स्कूटी
UP Budget 2026-27: 9.12 लाख करोड़ का बजट पेश, स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ा आवंटन और 14 नए मेडिकल कॉलेज की घोषणा

UP Budget 2026-27: उत्तर प्रदेश विधानसभा में बुधवार को योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपना दसवां बजट पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने वर्ष 2026-27 के लिए 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ 35 लाख रुपये का बजट प्रस्तुत किया। यह बजट पिछले साल की तुलना में 12.9 प्रतिशत अधिक है और योगी सरकार 2.0 का आखिरी पूर्ण बजट माना जा रहा है।
बजट में इन्हें दी गईं प्राथमिकताएं
सुबह 11 बजे विधानसभा में पेश किए गए इस बजट को सरकार ने विकास और सामाजिक सुरक्षा पर केंद्रित बताया है। सरकार का कहना है कि चिकित्सा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के क्षेत्र को इस बार विशेष महत्व दिया गया है। इन क्षेत्रों के लिए 37,956 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है, जो वर्ष 2025-26 के मुकाबले करीब 15 प्रतिशत ज्यादा है।
स्वास्थ्य योजनाओं के लिए बड़े प्रावधान
राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के लिए 8,641 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं आयुष्मान भारत नेशनल हेल्थ प्रोटेक्शन मिशन के संचालन के लिए 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान है। आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 49.22 लाख लाभार्थी परिवारों के लिए 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
प्रदेश के सभी जिलों में जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम चल रहा है, जिसके तहत गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए कैशलेस सुविधा दी जा रही है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत हर ब्लॉक में दो मेडिकल टीमें तैनात हैं, जो आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर रही हैं।
टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाएं
पल्स पोलियो अभियान के तहत 8 दिसंबर 2024 से पूरे प्रदेश में 3 करोड़ 28 लाख 44 हजार 929 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। जापानी इंसेफेलाइटिस से बचाव के लिए 42 संवेदनशील जिलों में टीकाकरण जारी है। इसके अलावा 75ों जिलों में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से जिला स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एकीकृत डिजीज सर्विलांस पोर्टल के जरिए सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थान 16 संक्रामक बीमारियों, छह टीके से रोकी जा सकने वाली बीमारियों और कोविड-19 की नियमित रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
सामाजिक योजनाओं में बड़ा ऐलान
बजट में सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं पर भी जोर दिया गया है। बेटियों की शादी के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने की घोषणा की गई है।
प्रदेश में 14 नए मेडिकल कॉलेज, 3 नए विवि
सरकार ने प्रदेश में 14 नए मेडिकल कॉलेज और 3 नए विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की है। छात्राओं के लिए 400 करोड़ रुपये की लागत से स्कूटी वितरण योजना लागू की जाएगी। वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य में पिछले कुछ वर्षों में व्यापक विकास हुआ है और बुनियादी ढांचे में तेजी आई है।
आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार का दावा
वर्ष 2024-25 के लिए उत्तर प्रदेश का अनुमानित जीएसडीपी 30.25 लाख करोड़ रुपये बताया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13.4 प्रतिशत अधिक है। सरकार का दावा है कि प्रदेश स्टार्टअप क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और निवेश के नए अवसर बन रहे हैं।
विपक्ष ने बजट पर उठाये सवाल
विपक्ष ने बजट पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले के बजट का पूरा उपयोग नहीं हो पाया है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने आरोप लगाया कि सरकार अनुमान के आधार पर बजट बनाती है, लेकिन राजस्व संग्रह उतना नहीं हो पाता।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



