tragic accident : कुएं में गिरी वृद्धा, बचाने के प्रयास में जेठ भी गिरा, बेटे ने ग्रामीणों की मदद से निकाला, वृद्धा की मौत

बैतूल जिले के भीमपुर ब्लॉक के दामजीपुरा क्षेत्र में स्थित ग्राम खुर्दा निवासी एक 60 वर्षीय वृद्धा की कुएं में गिरने से मौत हो गई। उसे बचाने के प्रयास में उसका जेठ भी कुएं में गिर गया। घटना बीती रात की है। सूचना पर रविवार सुबह मोहदा पुलिस मौके पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुर्दा निवासी गुलबी बाई पति लक्ष्मण दिनकर (60) की शनिवार रात को कुएं में गिरने से मौत हो गई। सूचना पर मोहदा थाना अंतर्गत आने वाली दामजीपुरा पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई अर्जुन सिंह उईके, आरक्षक नितिन दुबे और प्रफुल्ल धुर्वे मौके पर पहुंचे हैं। उनके द्वारा जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गुलबी बाई के भतीजे केसरसिंग ने बताया कि शनिवार रात लगभग 9 बजे की घटना है। उनकी चाची गुलबी बाई, पिताजी किसन और माँ रामबाई खेत में बनी झोपड़ी में रह रहे थे। रात 9 बजे के लगभग चाची कुएं से पानी निकालते हुए संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गई। उन्हें बचाने के लिए उनके पिताजी किसन भी गिर गए थे। जिन्हें शरीर में काफी गंभीर चोट आई है।
केसर के द्वारा पुलिस को बताया गया कि उन्होंने ग्रामीणों की मदद से उनकी चाची की बॉडी और अपने पिताजी को कुएं से निकाला। सुबह ग्राम के पंचों के साथ पुलिस को सूचना दी पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर वृद्ध महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायल जेठ को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।



