Thagi Ka Naya Tarika: कैदियों के इलाज के नाम पर मांगे जा रहे रुपए, ऐसा कोई फोन आए तो यहां करें संपर्क
Thagi Ka Naya Tarika: Money is being sought in the name of treatment of prisoners, if you get such a call, contact here

Thagi Ka Naya Tarika: (बैतूल)। लोगों को ठगने का शायद ही कोई मौका लोग हाथ से जाने देते हैं। शातिर लोग ठगी के लिए रोजाना नए-नए तरीके तलाश लेते हैं। यहां तक कि वे पुलिस और जेल जैसे विभागों के नाम से लोगों को ठगने में भी जरा भी नहीं हिचकते। कुछ समय पहले एक ठग द्वारा बकायदा एएसपी बनकर कई पेट्रोल पंपों से उगाही करवा ली थी। अब ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें जेल में बंद कैदियों के इलाज के नाम पर ठगी की जा रही है। इसे देखते हुए जेल प्रबंधन द्वारा बाकायदा प्रेस नोट जारी कर स्थिति स्पष्ट की गई है।
इस संबंध में जिला जेल बैतूल के उप अधीक्षक द्वारा प्रेस नोट जारी कर बताया गया है कि जेल प्रशासन के संज्ञान में आया है कि किन्हीं अज्ञात व्यक्ति द्वारा अधिवक्ताओं/परिजनों को फोन कर गलत जानकारी दी जा रही है कि जेल में निरूद्ध बंदी को चोट लगी है एवं वह अस्वस्थ होकर जिला चिकित्सालय या उच्च चिकित्सा केन्द्र में भर्ती है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि उसको ब्लड की आवश्कता है, जिसके लिये पैसों की मांग की जा रही है। जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला जेल बैतूल में निरूद्ध सभी बंदी सकुशल व स्वस्थ हैं।
अतः किसी भी प्रकार के फ्राड का शिकार न हो एवं इस प्रकार के फोन आने पर कार्यालय अधीक्षक, जिला जेल बैतूल से संपर्क करे। फेक कॉलर का नबंर भी बताएं ताकि विधिसम्मत कार्यवाही की जा सके। इस संबंध में सूचना देने जिला जेल बैतूल के कार्यालय के टेलिफोन नम्बर 07141-234247 पर या उप अधीक्षक के मोबाईल नम्बर 9406832580 पर संपर्क किया जा सकता है। (Thagi Ka Naya Tarika)



