बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

अद्भुत: उज्जैन में एक साथ जले 11 लाख 71 हजार 78 दीप, गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम

उज्जैन। उज्जैन (Ujjain) शहर के लिये मंगलवार का दिन गौरव का दिन साबित हुआ। उज्जैन की जनता ने रामघाट, दत्त अखाड़ा, नृसिंह घाट, गुरूनानक घाट, सुनहरी घाट पर एकसाथ 11 लाख 71 हजार 78 दीये जलाकर विगत नवम्बर में अयोध्या में बनाये गये 9 लाख 41 हजार के दीप प्रज्जवलन के रिकार्ड को तोड़कर नया रिकार्ड स्थापित कर दिया है।

मुख्यमंत्री (CM) शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ क्षिप्रा नदी के रामघाट पर 15 दीये प्रज्जवलित कर ‘शिव ज्योति अर्पणम’ (shiv jyoti arpanam) कार्यक्रम की शुरूआत की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उज्जैन में हर साल इसी तरह महाशिवरात्रि मनेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महाकाल महाराज की कृपा और आम जनता की भक्ति, श्रद्धा एवं तपस्या से आज महाशिवरात्रि पर एक अनोखा रिकार्ड स्थापित करने का सौभाग्य मिला है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भगवान महाकाल उज्जैन नगरी पर कृपा की वर्षा करें, सभी सुखी हों, सभी निरोग हों और सबका कल्याण हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वैभवशाली, सम्पन्न एवं शक्तिशाली राष्ट्र का निर्माण कर रहे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा युक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिये मिशन गंगा अभियान का सफल संचालन कर रहे हैं।

उज्जैन का जन्म-दिन गुड़ी पड़वा को मनेगा
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हम भगवान महाकाल के चरणों में प्रणाम करते हैं। देवाधिदेव महाकाल ऐसे देव हैं, जिनकी नजरों में कोई छोटा-बड़ा नहीं है। भोले भण्डारी आशुतोष भगवान केवल बिल्वपत्र की भेंट पाकर प्रसन्न हो जाते हैं। उन्हें छप्पन भोग नहीं चाहिये। वे भांग-धतूरे से ही खुश होते हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं प्रदेशवासियों से अपील करना चाहता हूँ कि भगवान शंकर ने जिस तरह से विष पीया, दुनिया को बचाने के लिये संघर्ष किया और नीलकंठ कहलाये। हमें भी ऐसा सोचना चाहिये कि दूसरों की सेवा के लिये किस तरह त्याग करें। उन्होंने आमजन से अपील की कि भोलेनाथ से शिक्षा लेना चाहिये। जिनके पास जरूरत से ज्यादा है, वे उनको दें जिनको जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं उज्जैन की जनता को हृदय से धन्यवाद देता हूँ, जिन्होंने आज एक अभूतपूर्व कार्य किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उज्जैन नगर का जन्म-दिवस गुड़ी पड़वा (वर्ष प्रतिपदा) पर मनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि न केवल अवन्तिका बल्कि प्रदेश के हर गाँव, हर शहर का अपना जन्म-दिवस मनेगा।

शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम में आज रामघाट पर दीप प्रज्जवलन का कार्य शाम 6 बजकर 42 मिनिट से प्रारम्भ हुआ। एक साथ 11 लाख 71 हजार 78 दीप प्रज्जवलित हो उठे। शाम 6.47 बजे सभी घाटो की रोशनी बन्द कर दी गई और दीपों की रोशनी से शिप्रा तट नहा उठा।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के प्रतिनिधि द्वारा दीप प्रज्जवलन की गणना 6 बजकर 53 मिनिट से प्रारम्भ की गई और गणना के कुछ समय बाद जैसे ही गिनीज बुक के श्री निश्चल बारोट द्वारा यह घोषणा की गई कि उज्जैन शहर ने अयोध्या का रिकार्ड तोड़ते हुए नया रिकार्ड कायम किया है, तो शिप्रा के घाटों पर मौजूद लाखों लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस मौके पर जमकर आतिशबाजी भी की गई।

दीप प्रज्जवलन के बाद मुख्यमंत्री श्री चौहान, उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह चौहान एवं अन्य अतिथियों द्वारा शिप्रा में नौका विहार कर दीपों की अनुपम छटा का अवलोकन किया गया। 

कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, उज्जैन जिले के प्रभारी तथा वित्त एवं वाणिज्यिक मंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, विधायक बहादुरसिंह चौहान, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष माखन सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, नगर निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता, स्मार्ट सिटी सीईओ आशीष पाठक, पूर्व सांसद प्रो. चिन्तामणि मालवीय, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक मौजूद थे। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी का आभार माना।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button