▪️ नवील वर्मा, शाहपुर
बैतूल जिले के शाहपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने ग्राम पंचायत कुंडी के सचिव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कुंडी के सचिव भूपेंद्र वर्मा का अन्य ग्राम पंचायत में स्थानांतरण करने की मांग को लेकर सरपंच संघ अध्यक्ष सहित पंचायत के सरपंच और पंचों ने आज प्रशासनिक अधिकारियों और जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपा।
सरपंच संघ के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में कुंडी सचिव के खिलाफ कार्य के प्रति अकर्मण्यता के आरोप लगाए गए हैं। सरपंच संघ शाहपुर के अध्यक्ष यशवंत सिंह धुर्वे ने बताया कि सचिव भूपेंद्र वर्मा की कार्यप्रणाली से ग्रामवासी परेशान हैं। इस संबंध में उन्हें ग्राम पंचायत कुंडी के सरपंच सहित पंचों द्वारा पत्र प्रेषित कर सचिव की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया था। सरपंच संघ द्वारा जनहित के मद्देनजर सचिव के स्थानांतरण की मांग की जा रही है।
योजनाओं का समय पर नहीं हो रहा क्रियान्वयन
सरपंच संघ का आरोप है कि सचिव की लापरवाह कार्यप्रणाली के चलते गांव में शासन की योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों को शासन की जन हितैषी योजनाओं का भी लाभ सचिव की अकर्मण्यता के चलते नहीं मिल पा रहा है। शासकीय योजना का उचित लाभ न दिलाना, शौचालय निर्माण व प्रधानमंत्री आवास योजना का कार्य पूर्ण नहीं कराना, निर्वाचित सरपंच एव पंचों का कहना न मानना, समय पर पंचायत नहीं आकर अपनी मनमर्जी चलाना सचिव की कार्यप्रणाली में शामिल हो गया है।
योजनाओं की जानकारी तक नहीं दी जाती
इसके साथ ही यह भी आरोप लगाए थे कि सचिव द्वारा पंचों को शासन की योजनाओं की जानकारी भी नहीं दी जाती है। ग्राम पंचायत में प्रतिमाह ग्राम सभा की बैठक भी नहीं ली जा रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में सरपंच संघ शाहपुर के अध्यक्ष यशवंत सिंह धुर्वे, सरपंच वीरेंद्र सिंह उईके, उपसरपंच नत्थूलाल इवने, पंच में नवील वर्मा, मनिराम, अनिल, गरीबदास, मीरा परते, रेखा धुर्वे, राधा मर्सकोले, शिवकांति युवने, रामवती युवने सहित ग्रामीण गणेश पाटणकर, दलप सिंह धुर्वे, हरिओम यादव, विशाल चौरे, राजेंद्र मर्सकोले, रजवन उइके, राजाराम युवने, चंदर सिंह इवने शामिल थे।
https://www.betulupdate.com/37713/