rape of innocent : नवरात्र के पहले दिन 8 साल की मासूम से किया रेप, लोगों ने की आरोपी की जमकर पिटाई, पुलिस को सौंपा, हिंदू संगठनों ने घेरा पुलिस थाना
• सोनू सोनी, सारनी
rape of innocent : शक्ति की भक्ति के पर्व नवरात्र में देवी स्वरूप कन्याओं की पूजा की जाती है। वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में इसी देवी स्वरूप एक 8 साल की मासूम के साथ घिनौनी हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। यहां सारनी थाना क्षेत्र में चॉकलेट का लालच देकर एक मासूम बालिका के साथ आरोपी ने रेप किया। घटना सोमवार देर शाम की है।
मामला सामने आने पर लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इधर हिंदू संगठनों ने भी थाने का घेराव कर आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। मतदान शुरू होने के चंद घंटे पहले हुई इस घटना ने कथित चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक 8 साल की बालिका अपने घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान मोहल्ले का ही सोनू अंसारी (29) आया और बालिका को चॉकलेट का लालच देकर अपने घर ले गया। जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के रिश्ते के भाई ने यह देखा और मोहल्ले वालों को इसकी जानकारी दी। जिस पर मोहल्ले वालों ने आरोपी युवक की जमकर पिटाई की और फिर उसे सारणी पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ट्रक ड्राइविंग करता है। इधर बच्ची के पिता लकवा ग्रसित है और मां सब्जी भाजी बेचकर परिवार का गुजर-बसर करती है। नवरात्र के पहले दिन हुई इस घटना से क्षेत्र और जिले में भारी रोष है। घटना के बाद कुछ हिंदू संगठनों और लोगों ने पुलिस थाने का घेराव किया और आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। देखें वीडियो…
वहीं इस घटना के बाद लोग कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। सारनी में आज सुबह से नगर पालिका चुनाव के तहत मतदान हो रहा है। वहीं मतदान के कुछ घंटे पहले ऐसी घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। इधर सारणी एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि बालिका के साथ युवक ने दुष्कर्म किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।



