बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

Protest : बैतूल में लगी कांग्रेस और भाजपा राज की दुकान, कांग्रेसियों ने फूंका सीएम शिवराज सिंह का पुतला, किया धरना-प्रदर्शन

◼️ उत्तम मालवीय, बैतूल
बेतहाशा बढ़ती महंगाई, बिजली कटौती, ओबीसी आरक्षण सहित अन्य मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गुरुवार को लल्ली चौक पर धरना प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री का पुतला दहन भी किया गया। प्रदर्शन के दौरान धरना स्थल पर लगाई गई कांग्रेस राज की दुकान और भाजपा राज की दुकान आकर्षण का केंद्र रही। यही नहीं गैस सिलेंडर को फूल माला पहना कर बढ़ते दामों का विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को जमकर कोसा गया।

गुरूवार को कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई, बेतहाशा बिजली कटौती, ओबीसी आरक्षण सहित अन्य कई मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय से लेकर विधानसभा स्तर तक विरोध प्रदर्शन किया। बैतूल में लल्ली चौक पर कांग्रेसी धरने पर बैठे। धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने एक-एक करके संबोधित किया। जिसमें केंद्र की मोदी और राज्य की शिवराज सरकार को आड़े हाथों लेते हुए जमकर कोसा। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि भाजपा के शासन में महंगाई इतनी अधिक बढ़ गई है कि मध्यम और गरीब वर्ग के लोग बहुत परेशान हो चुके हैं। कई वस्तुएं महंगाई के चलते लोगों की पहुंच से दूर हो गई है।

पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सहित अन्य वस्तुओं के दाम कई गुना बढ़ गए है। आसमान छू रहे वस्तुओं के दामों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कांग्रेसियों का कहना था कि जबसे केन्द्र में भाजपा की मोदी सरकार और राज्य में शिवराज सरकार आई है, तबसे लगातार महंगाई बढ़ती ही जा रही है। भाजपा सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने मांग की कि केंद्र और प्रदेश सरकार जल्द से जल्द सख्त कदम उठाएं और महंगाई को नियंत्रित करें। ताकि आम लोग सुकून से जी सके।

महंगाई का अंतर दिखाने यह तरीका अपनाया (देखें वीडियो)

कांग्रेस ने कांग्रेस और भाजपा शासन में वस्तुओं के दामों में भारी अंतर को दर्शाने के लिए इस बार अनूठा प्रयोग किया। धरना स्थल पर कांग्रेस राज की दुकान और भाजपा राज की दुकान लगाई गई। इनमें दोनों के ही शासन में विभिन्न वस्तुओं के रेट अंकित किए गए थे। इससे यह साफ हो रहा था कि अभी महंगाई कितनी बढ़ गई है। इसके अलावा सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर सिलेंडर को फूलों की माला पहनाकर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस को नहीं लगी भनक और जला दिया पुतला

धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। पुतला दहन के दौरान पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। लेकिन जब तक पुलिस को पुतला जलाने की भनक लगती, तब तक कांग्रेसियों ने गुपचुप तरीके से पुतले में आग लगा दी और पुतला धूं-धूं कर जल गया।

विरोध प्रदर्शन में यह नेता थे प्रमुख रूप से मौजूद

धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, बैतूल विधायक निलय डागा, प्रदेश कांग्रेस सचिव समीर खान, रक्कू शर्मा, अनुराग मिश्रा, मोनू बड़ोनिया, अनिल मगरकार, अतुल शर्मा, बल्लू मालवीय, तरूण कालभोर, धीरू शर्मा, प्रशांत मरोठी, जमुना पंडाग्रे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।

◼️ फोटो एंड वीडियो : सचिन जैन

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button