Postal Life Insurance Plan: कम प्रीमियम में 50 लाख तक बीमा, पति-पत्नी दोनों को कवरेज, आकर्षक बोनस भी
Postal Life Insurance Plan: बीमा पॉलिसी की जब भी चर्चा होती है तो एलआईसी या कुछ निजी कंपनियां ही याद आती है। बहुत कम ही लोगों को जानकारी है कि डाक विभाग भी बीमा करता है। इसकी पॉलिसी भी बेहद कम प्रीमियम में ली जा सकती है। इनमें कई आकर्षक व उपयोगी लाभ भी मिलते हैं। आज हम ऐसी ही एक पॉलिसी की चर्चा करेंगे।
पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) देश की उन योजनाओं में से है, जो लंबे समय से लोगों को सुरक्षा कवरेज दे रही हैं। पोस्ट ऑफिस की बीमा योजना लोगों को सस्ता प्रीमियम, बेहतर बोनस और भरोसेमंद सुरक्षा उपलब्ध कराती है। हालांकि जानकारी के अभाव में बहुत कम ही लोग इनका लाभ ले पाते हैं।
पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस कब से
भारत में जीवन बीमा सेवाओं की शुरुआत पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस से ही हुई थी। इसे 1 फरवरी 1884 को शुरू किया गया था। शुरुआत में यह योजना केवल डाक विभाग के कर्मचारियों के लिए उपलब्ध थी। बाद में 1888 में टेलीग्राफ विभाग के कर्मचारियों को भी इसमें शामिल किया गया। धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ाया गया और सेमी-गवर्नमेंट कर्मचारियों को भी इस योजना में कवर दिया जाने लगा।

महिला कर्मचारियों को भी कवरेज
वर्ष 1894 में जब अन्य कंपनियां महिला कर्मचारियों को बीमा कवर देने से हिचक रही थीं, तब पीएलआई ने डाक एवं टेलीग्राफ विभाग की महिला कर्मचारियों को सुरक्षा कवरेज देना शुरू किया। वर्तमान समय में इसका विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों तक हो चुका है और किसान, मजदूर सहित विभिन्न वर्ग इससे लाभान्वित हो रहे हैं।
- यह भी पढ़ें : Post Office RD Scheme: हर दिन मात्र इतनी बचत करके बना सकते हैं 7.13 लाख का फंड, इस स्कीम में है जादू
पीएलआई में मिलने वाले फायदे
पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस में 19 साल की उम्र से शामिल होकर कोई भी व्यक्ति अधिकतम 50 लाख रुपये तक का बीमा कवर प्राप्त कर सकता है। इसमें सुरक्षा के साथ बोनस और टैक्स छूट का भी लाभ मिलता है। यह योजना उन लोगों के लिए उपयोगी है जो कम प्रीमियम में लंबे समय तक वित्तीय सुरक्षा चाहते हैं। इसकी पॉलिसियां अलग-अलग आयु वर्ग और जरूरत के हिसाब से बनाई गई हैं, ताकि हर परिवार को अपनी आवश्यकता के अनुसार विकल्प मिल सके।

युगल सुरक्षा योजना
पीएलआई की सबसे चर्चित योजनाओं में से एक है युगल सुरक्षा योजना। यह खासतौर पर विवाहित जोड़ों के लिए बनाई गई है। इस योजना में पति-पत्नी दोनों एक ही बीमा कवर के तहत सुरक्षित रहते हैं। पॉलिसी मैच्योर होने पर या किसी एक की मृत्यु होने की स्थिति में बोनस सहित भुगतान जीवनसाथी को मिलता है। इससे परिवार का भविष्य सुरक्षित रहता है और अचानक आने वाली वित्तीय समस्याओं से बचाव होता है।
युगल सुरक्षा योजना की शर्तें
युगल सुरक्षा योजना लेने के लिए पति-पत्नी की उम्र 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वरिष्ठ सदस्य की आयु 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस योजना की न्यूनतम अवधि 5 वर्ष और अधिकतम अवधि 20 वर्ष तय की गई है। इसमें पति या पत्नी में से किसी एक का पीएलआई से जुड़ा होना आवश्यक है।
- यह भी पढ़ें : Post Office RD Scheme: इस स्कीम से सिर्फ 5 साल में बच्चों के लिए बन जाएगा 8.56 लाख का फंड, रिस्क जरा भी नहीं
पचास लाख तक बीमा कवर
इस योजना के तहत न्यूनतम बीमा कवर 20 हजार रुपये है, जबकि अधिकतम कवर 50 लाख रुपये तक लिया जा सकता है। इसका एक बड़ा लाभ यह है कि कम प्रीमियम में भी इसमें आकर्षक बोनस मिलता है। इसके अलावा तीन साल पूरे होने के बाद पॉलिसी के बदले ऋण लेने की सुविधा भी उपलब्ध है।
कम प्रीमियम और ज्यादा बोनस
पीएलआई का सबसे बड़ा आकर्षण इसका बोनस है। निजी बीमा कंपनियों की तुलना में इसमें कम प्रीमियम पर ज्यादा बोनस मिलता है। यही कारण है कि यह योजना लोगों के बीच विश्वास और लोकप्रियता दोनों हासिल कर चुकी है। ग्रामीण इलाकों में जहां निजी बीमा कंपनियों की पहुंच कम है, वहां डाक विभाग के नेटवर्क की मदद से यह योजना आसानी से उपलब्ध हो जाती है।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



