PM Modi address live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे देश के नाम संबोधन, यहाँ देखें लाइव
PM Modi address live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश के नाम संबोधन देंगे। आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं है कि वे किन विषयों पर बात करेंगे, लेकिन विशेषज्ञ अनुमान लगा रहे हैं कि संबोधन में नए GST रेट और फेस्टिवल सीजन के दौरान स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रधानमंत्री ने अपने हाल मणिपुर, बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश दौरे में स्वदेशी उत्पादों के महत्व पर जोर दिया था। इसी कड़ी में आज का संबोधन इस दिशा में लोगों को संदेश देने का अवसर हो सकता है।
H-1B वीजा शुल्क पर चर्चा संभव
अनुमान है कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा H-1B वीजा की आवेदन शुल्क बढ़ाए जाने के मुद्दे पर भी अपनी राय रख सकते हैं। हर साल लाखों भारतीय इस वीजा के लिए आवेदन करते हैं और 2024 में तीन लाख से अधिक भारतीयों को यह वीजा मिला था। इस विषय पर चर्चा से भारतीय पेशेवरों और तकनीकी क्षेत्र के हितों पर असर पड़ सकता है।
यहाँ देखें और सुने प्रधानमंत्री का देश के नाम सम्बोधन
कांग्रेस ने उठाए यह सवाल
कांग्रेस पार्टी ने सवाल किया है कि क्या प्रधानमंत्री ट्रम्प के भारत-पाक युद्धविराम और H-1B वीजा शुल्क वृद्धि के संबंध में बात करेंगे या फिर नए जीएसटी दरों पर वही पुराने संदेश दोहराएंगे। राजनीतिक विश्लेषक यह भी देख रहे हैं कि प्रधानमंत्री संबोधन में विदेशी नीति और आर्थिक नीतियों पर कोई नया संदेश देंगे या नहीं।

पिछली बार कब किया था सम्बोधित
प्रधानमंत्री मोदी का पिछला देश के नाम संबोधन 12 मई की रात आठ बजे हुआ था। उस समय उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और अन्य सुरक्षा मुद्दों का उल्लेख किया था। 22 मिनट के संदेश में उन्होंने पहलगाम आतंकी हमला, पाकिस्तान और आतंकवाद, परमाणु हथियार, सेना की स्थिति, PoK और सीजफायर हालात, स्वदेशी हथियार, सिंधु जल समझौता, पाकिस्तान से बातचीत, आतंक पर भारत की नीति और नए दौर की चुनौतियों के बारे में विस्तार से बताया था।
- यह भी पढ़ें : Aadhaar Card Rules: आधार कार्ड से जुड़ी यह गलतियां पहुंचा सकती है जेल, जानिएं क्या कहता है कानून
अरुणाचल-त्रिपुरा दौरे के कार्यक्रम
संबोधन के अगले दिन यानी 22 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा का दौरा करेंगे। ईटानगर में वे 5100 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद त्रिपुरा के गोमती जिले में त्रिपुरेश्वरी मंदिर का रीडेवलपमेंट कार्य पूरा कर उनका उद्घाटन करेंगे।
यह मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है और 52 करोड़ की लागत से पुनर्निर्मित किया गया है। इसका उद्देश्य पूर्वोत्तर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री दोपहर लगभग तीन बजे त्रिपुरा के उदयपुर पहुंचेंगे, जहां 45 मिनट का कार्यक्रम होगा। हालांकि इस दौरान वे भाषण नहीं देंगे।
मोदी का यह त्रिपुरा दौरा उनके 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद 11वें दौरे के रूप में होगा। पिछली बार वे 17 अप्रैल 2024 को त्रिपुरा गए थे।

- यह भी पढ़ें : Surya Grahan 2025: सूर्य ग्रहण आज, इन पांच राशियों की चमक उठेगी किस्मत, बरतें यह सावधानियां
कई मुद्दों पर केंद्रित हो सकता है संबोधन
प्रधानमंत्री मोदी का आज का संबोधन कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित हो सकता है। इसमें देश की आर्थिक नीतियों, व्यापारिक नियमों और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर जनता को दिशा निर्देश देने की संभावना है। साथ ही फेस्टिवल सीजन में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने और H-1B वीजा शुल्क बढ़ोतरी जैसे विषय भी चर्चा में रह सकते हैं। इससे यह स्पष्ट होगा कि सरकार आर्थिक और विदेश नीति के मुद्दों पर किस दिशा में कदम बढ़ा रही है।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



