NAS की तर्ज पर 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों का होगा लर्निंग आउटकम मूल्यांकन, बच्चों के साथ शिक्षकों की भी जांचेंगे गुणवत्ता स्तर

जिले में नेशनल अचिवमेंट सर्वे (एनएएस) की तर्ज पर कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों का लर्निंग आउटकम मूल्यांकन (learning outcome assessment) होगा। शिक्षा विभाग द्वारा इस तरह का मूल्यांकन हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी की कक्षाओं में पहली बार कराया जा रहा है। जिसका उद्देश्य शैक्षिक गुणवत्ता का विकास जानना और उपलब्धि स्तर को हासिल करना है।
इसमें विद्यार्थियों के समग्र मूल्यांकन के साथ शिक्षकों का भी गुणवत्ता स्तर इसके माध्यम से जाना जाएगा, जिसकी तैयारी शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है। सोमवार 18 अप्रैल 2022 को जिले के 20 स्कूलों में अध्ययनरत लगभग तीन हजार विद्यार्थी इसमें शामिल होंगे। लघु उत्तरीय और बहु विकल्पीय प्रश्नों का उत्तर देकर विघार्थी यह बताएंगे कि अभी तक उन्होनें कितना सीखा है। मूल्यांकन का कार्य राज्य स्तर से ही होगा।
दोनों कक्षाओं में वीएबी-एसईएल विषय कॉमन
कक्षा 9वीं और 7वीं में वैल्यू एण्ड बिहेवियर (वीएबी) और सोशल इंटरनल लर्निंग (एसईएल) को कॉमन विषय के रूप में रखा गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारी बताते हैं कि दोनों विषय में कक्षा अनुरूप ही प्रश्न आएंगे, जिसका उदेश्य किताबी ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक शिक्षा भी है। इसमें प्रश्नों के माध्यम से यह जाना जाएगा कि विद्यार्थी अपने आसपास के माहौल से किस तरह की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। शिक्षा ग्रहण करने के बाद समाज में उनके दायित्व कौन-कौन से होंगे, इसे भी जानने का प्रयास करना है।
तीन घंटे का मिलेेगा समय
विद्यार्थियों को तीन घंटे का समय प्रश्न पर हल करने के लिए दिया जाएगा। कक्षा 9वीं में हिन्दी, गणित, अंग्रेजी और विज्ञान विषय को शामिल किया गया है, जबकि कक्षा 11वीं में गणित, भौतिक, रसायन शास्त्र, हिन्दी और अर्थशास्त्र को शामिल किया गया है।
कक्षा 9वीं एवं 11वीं में शासकीय उमावि बोरदेही, उमरिया, उत्कृष्ट बैतूल, कन्या भीमपुर, उत्कृष्ट भीमपुर, चोपना, शोभापुर कालोनी, बालक सारणी, पारड़सिंगा, बरखेड़, घाटबिरोली, बिसनूर, बारंगवाड़ी, जम्बाड़ा, उत्कृष्ट आठनेर, गेंहू बारसा, चूना हजूरी, पाढर, बीजादेही, उत्कृष्ट मुलताई को शामिल किया गया है।
इसके लिए डिस्ट्रिक कोर ग्रुप का गठन कर दिया गया है जिसमें प्रशासनिक जिम्मेदारी अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा अभियान संजीव श्रीवास्तव एवं जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र सुबोध शर्मा को दी गई है।



