मध्यप्रदेश अपडेट

MP Weather Alert: तीन दिन हल्की बारिश के बाद विदा होगा मानसून, भोपाल-रायसेन सहित कई जिलों में झमाझम

MP Weather Alert: मध्यप्रदेश से मानसून की बिदाई की बेला भले ही आ चुकी है, लेकिन मानसून जाने का नाम ही नहीं ले रहा है। इसकी जगह प्रदेश के कई जिलों में अभी भी झमाझम बारिश का दौर जारी है। रविवार को भी कई जिलों में भारी बारिश का दौर चला। अब 3 दिनों तक बूंदाबांदी होने और फिर मानसून के बिदा होने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम केंद्र भोपाल द्वारा जारी बुलेटिन में अगले 4 दिनों में प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है। हालांकि इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बूंदाबांदी होने की संभावना जरुर जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के भी अनुसार अगले तीन दिन तक बूंदाबांदी और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

MP Weather Alert: तीन दिन हल्की बारिश के बाद विदा होगा मानसून, भोपाल-रायसेन सहित कई जिलों में झमाझम

इन क्षेत्रों में शुष्क रहेगा मौसम

उन्होंने बताया कि ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में अब मौसम शुष्क रहेगा। फिलहाल किसी भी इलाके में भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि एक दिन पहले रविवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों में हुई झमाझम बारिश

रविवार को भोपाल और आस-पास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। करीब ढाई इंच तक पानी गिरा, जबकि बैतूल में दो इंच से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई। भोपाल-इंदौर हाईवे पर इतनी तेज बारिश हुई कि गाड़ियां रेंगते हुए आगे बढ़ीं। लगातार होती बारिश के कारण भदभदा और कलियासोत डैम के एक-एक गेट रात में खोलने पड़े ताकि जलस्तर नियंत्रित रखा जा सके।

MP Weather Alert: तीन दिन हल्की बारिश के बाद विदा होगा मानसून, भोपाल-रायसेन सहित कई जिलों में झमाझम


इन क्षेत्रों में भी जोरदार वर्षा

बारिश का असर केवल भोपाल या बैतूल तक सीमित नहीं रहा। गुना, नर्मदापुरम, पचमढ़ी, श्योपुर, शिवपुरी, शाजापुर, सीहोर, छिंदवाड़ा, दमोह, सतना, सिवनी और बालाघाट जिलों में भी बारिश दर्ज की गई। श्योपुर और सिवनी में करीब डेढ़ इंच तक पानी गिरा। कई जिलों में देर रात तक कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का क्रम चलता रहा।

रायसेन अस्पताल परिसर में जलभराव

रविवार को रायसेन में एक घंटे की तेज बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। जिला अस्पताल परिसर और मुख्य मार्ग पर पानी भर गया। परिसर में करीब आधा फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे यह तालाब जैसा नजर आने लगा। मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

MP Weather Alert: तीन दिन हल्की बारिश के बाद विदा होगा मानसून, भोपाल-रायसेन सहित कई जिलों में झमाझम


10 अक्टूबर तक बिदा लेगा मानसून

मध्यप्रदेश के कई हिस्सों से मानसून बिदा होना शुरू हो चुका है। अब तक 12 जिलों से मानसून की वापसी हो चुकी है, जबकि बाकी इलाकों से इसके 10 अक्टूबर तक लौटने की संभावना जताई गई है। इस अवधि में कुछ जगहों पर हल्की बारिश बनी रह सकती है।

इन जिलों से हुई मानसून की बिदाई

मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, रतलाम और राजगढ़-अशोकनगर के कुछ हिस्सों से मानसून विदा हो चुका है। हालांकि विभाग का कहना है कि मानसून की पूरी विदाई के लिए अभी वातावरण पूरी तरह अनुकूल नहीं है, लेकिन आने वाले कुछ दिनों में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

एक दिन देरी से आया था मानसून

इस वर्ष मानसून ने 16 जून को मध्यप्रदेश में प्रवेश किया था, जो सामान्य तिथि से एक दिन देरी से पहुंचा था। सामान्यत: 6 अक्टूबर तक मानसून प्रदेश से लौट जाता है, लेकिन इस बार बने नए मौसमीय सिस्टम के कारण इसकी विदाई की तारीख बढ़ सकती है।

गुना में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज

मध्यप्रदेश में इस मानसून सीजन में सबसे अधिक वर्षा गुना जिले में दर्ज की गई, जहां अब तक 65.6 इंच पानी गिरा है। इसके बाद मंडला और रायसेन में 62 इंच से अधिक बारिश हुई। वहीं श्योपुर और अशोकनगर में भी औसत से ज्यादा यानी 56 इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई।

इन जिलों में औसत से कम वर्षा

इसके विपरीत, शाजापुर, खरगोन, खंडवा, बड़वानी और धार जिले इस बार सबसे कम बारिश पाने वाले जिलों में शामिल रहे। शाजापुर में 28.9 इंच, खरगोन में 29.6 इंच, खंडवा में 32 इंच, बड़वानी में 33.5 इंच और धार में 33.6 इंच बारिश हुई।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button