MP Weather Alert: मध्यप्रदेश में नया सिस्टम एक्टिव, आज 8 जिलों में झमाझम बारिश की चेतावनी
MP Weather Alert: नया सिस्टम एक्टिव होने से मध्यप्रदेश में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। रविवार को प्रदेश के 8 जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। अगले 2 दिनों तक भी कई जिलों में तेज बारिश होती रहेगी। इससे जिन जिलों में कोटा पूरा नहीं हुआ, वहां भी औसत बारिश का आंकड़ा पार होने की संभावना है।
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार प्रदेश के बीच से मानसून ट्रफ गुजर रही है, जिसकी वजह से कई सिस्टम सक्रिय हो गए हैं। इसी के चलते कई संभागों में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और नर्मदापुरम में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। रविवार को आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
आज इन जिलों में होगी तेज बारिश
आज जिन जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर शामिल हैं। इन जिलों में अगले 24 घंटों में ढाई से साढ़े चार इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

आने वाले दिनों में इन जिलों में बारिश
सोमवार को देवास, सिहोर, रायसेन, सागर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और बैतूल में भारी बारिश होने की संभावना है। इसी तरह मंगलवार को बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल और नर्मदापुरम में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में ढाई से साढ़े चार बारिश की संभावना है। बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी तो नहीं है, लेकिन गरज-चमक के साथ बारिश का मौसम बना रहेगा।
एमपी में अब तक बारिश की स्थिति
प्रदेश में इस साल मानसून की शुरुआत 16 जून को हुई थी। अब तक प्रदेश में औसतन 41.9 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। यह आंकड़ा सामान्य कोटे से 11 प्रतिशत अधिक है। 30 से ज्यादा जिलों में पहले ही औसत बारिश का लक्ष्य पूरा हो चुका है। हालांकि मालवा-निमाड़ के कुछ जिले अब भी सामान्य बारिश से पीछे हैं। खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, शाजापुर और बड़वानी जैसे जिलों में अब तक 27 इंच से कम पानी गिरा है।

इन जिलों में पूरा हुआ बारिश का कोटा
प्रदेश के 30 जिले ऐसे हैं जहां बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। इनमें भोपाल, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, अलीराजपुर, बड़वानी, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, रतलाम, मंदसौर, नीमच, आगर-मालवा, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना और उमरिया शामिल हैं। कई जिलों में बारिश का स्तर औसत से कहीं ज्यादा पहुंच चुका है। उदाहरण के लिए श्योपुर में अब तक 213 प्रतिशत बारिश हो चुकी है।
सबसे ज्यादा और सबसे कम बारिश वाले जिले
प्रदेश में इस बार सबसे ज्यादा बारिश गुना जिले में दर्ज की गई है। यहां अब तक करीब 65 इंच पानी गिर चुका है। इसके बाद मंडला 57.3 इंच, श्योपुर 56.3 इंच, शिवपुरी 54.3 इंच और अशोकनगर 54.1 इंच बारिश के साथ शीर्ष पांच जिलों में शामिल हैं।
इसके विपरीत कुछ जिले ऐसे भी हैं जहां अब तक काफी कम पानी गिरा है। खरगोन में केवल 25.7 इंच, बुरहानपुर में 25.9 इंच, खंडवा और शाजापुर में 26.8 इंच और बड़वानी में 26.9 इंच बारिश हुई है।
मानसून की बिदाई भी शुरू
मध्यप्रदेश में जहां फिलहाल अच्छी बारिश के आसार बने हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ प्रदेशों से मानसून की बिदाई के आसार भी नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



