मध्यप्रदेश अपडेट

MP Today News: एमपी के एक और शहर का नाम बदलेगा, कहलाएगा सूर्य नगर, सीएम मोहन यादव ने किया ऐलान

MP Today News: विदिशा के शमशाबाद में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, प्रस्ताव आने पर शहर का नाम सूर्य नगर किया जाएगा

MP Today News: एमपी के एक और शहर का नाम बदलेगा, कहलाएगा सूर्य नगर, सीएम मोहन यादव ने किया ऐलान
MP Today News: एमपी के एक और शहर का नाम बदलेगा, कहलाएगा सूर्य नगर, सीएम मोहन यादव ने किया ऐलान

MP Today News: मध्यप्रदेश में एक और शहर का नाम बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विदिशा जिले के शमशाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि प्रस्ताव मिलने पर शमशाबाद का नाम बदलकर सूर्य नगर किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास, किसानों के हित में चल रही योजनाओं और नई परियोजनाओं की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

भगवान सूर्य से जुड़ी हुई है पहचान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को विदिशा जिले के शमशाबाद में आयोजित कृषक हितग्राही सम्मेलन और विकास कार्यों के भूमि पूजन तथा लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि शमशाबाद के लोगों ने उनका जिस आत्मीयता से स्वागत किया है, उससे वे बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि विदिशा जिला ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध क्षेत्र है। यह क्षेत्र बेतवा नदी की धारा से समृद्ध है और यहां की पहचान भगवान सूर्य से जुड़ी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन की तरह विदिशा भी इतिहास के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि यदि औपचारिक प्रस्ताव प्राप्त होता है तो सरकार शमशाबाद का नाम बदलकर सूर्य नगर करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।

किसानों के लिए सरकार की योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचे। इसके लिए कई बड़े स्तर की सिंचाई परियोजनाएं लागू की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना जैसे प्रयासों से प्रदेश में सिंचाई का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। बीते दो वर्षों में ही प्रदेश में करीब 10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र सिंचाई के दायरे में आया है। वर्तमान में मध्यप्रदेश की लगभग 55 लाख हेक्टेयर जमीन सिंचित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका माना जाता है। यहां से निकलने वाली नदियों का पानी राजस्थान और उत्तरप्रदेश जैसे राज्यों को भी मिलता है। इसके अलावा बिहार और गुजरात तक भी पानी पहुंचता है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने नदियों के जल प्रबंधन पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया, लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। इससे विदिशा जिले को भी केन-बेतवा परियोजना का लाभ मिलेगा।

MP Today News: एमपी के एक और शहर का नाम बदलेगा, कहलाएगा सूर्य नगर, सीएम मोहन यादव ने किया ऐलान

प्रदेश बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आज बिजली उत्पादन के मामले में सरप्लस राज्य बन चुका है। इसका लाभ किसानों को भी मिलेगा। सरकार की योजना है कि किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय भी बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि खेती का काम सुचारु रूप से हो सके।

उन्होंने कहा कि सरकार के लिए खेतों में मेहनत करने वाला किसान और देश की सीमा पर तैनात जवान दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं मजबूत हुई हैं और आंतरिक सुरक्षा भी बेहतर हुई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विदिशा में प्रदेश की पहली जिला स्तरीय फिंगर प्रिंट लैब का भी शुभारंभ किया।

किसानों को हर साल 12 हजार रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल 12 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि विदिशा जिला कृषि उत्पादन के मामले में अग्रणी जिलों में शामिल है। राज्य सरकार ने भावांतर भुगतान योजना के माध्यम से सोयाबीन उत्पादक किसानों के खातों में लगभग 1500 करोड़ रुपये की राशि स्थानांतरित की है।

सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि सरसों की फसल की खरीद भी भावांतर योजना के तहत की जाएगी। इसके अलावा उड़द की फसल पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने का फैसला किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गेहूं खरीद के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि भी बढ़ाई गई है। राज्य सरकार किसानों से 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदेगी, जिसमें 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी शामिल है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028 तक किसानों को गेहूं के लिए 2700 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य दिलाने का है।

MP Today News: एमपी के एक और शहर का नाम बदलेगा, कहलाएगा सूर्य नगर, सीएम मोहन यादव ने किया ऐलान

हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पारंपरिक साफा पहनाकर और गजमाला से स्वागत किया गया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ भी वितरित किए। इन योजनाओं में लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री नरवाई प्रबंधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना, मुद्रा योजना, कृषि यंत्र वितरण, पशुधन और खाद्य प्रसंस्करण योजनाएं शामिल थीं।

163 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने विदिशा जिले के विकास के लिए कुल 163 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की। इनमें करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 41 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं में कुरवाई स्थित सांदीपनि विद्यालय भी शामिल है। इसके साथ ही 7 मार्च को 104.56 करोड़ रुपये की लागत वाली 56 नई विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन भी किया गया। इनमें विदिशा महाविद्यालय के उन्नयन के लिए 15 करोड़ रुपये की परियोजना भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के बजट में विदिशा जिले के लिए 116 करोड़ रुपये की नई सड़कों की स्वीकृति भी दी गई है।

महिलाओं के लिए नव्या कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से विदिशा से नव्या नामक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह योजना देश के नौ राज्यों के 27 जिलों में लागू की गई है और मध्यप्रदेश से इसमें केवल विदिशा जिले को शामिल किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत दसवीं कक्षा उत्तीर्ण युवतियों और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपये की सहायता प्रदान कर रही है और भविष्य में इस राशि को बढ़ाने की योजना है। इसके अलावा प्रदेश में सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को आधुनिक और सर्वांगीण शिक्षा दी जाएगी। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप, साइकिल, किताबें और ड्रेस भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पशुपालन और गौसंरक्षण को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गौसंरक्षण और पशुपालन को प्रोत्साहन देने के लिए बड़ी गौशालाएं स्थापित की जा रही हैं। शमशाबाद में भी एक आदर्श गौशाला बनाने की योजना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने शासकीय गौशालाओं में प्रति गाय दी जाने वाली अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी है। इसके साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना भी शुरू की गई है। इस योजना के तहत 25 गाय पालने वाले पशुपालकों को 10 लाख रुपये तक का अनुदान देने का प्रावधान किया गया है।

शमशाबाद के लिए की यह घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शमशाबाद क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा शमशाबाद में एक नया विद्युत सब स्टेशन बनाया जाएगा, जिससे आसपास के कई गांवों को बिजली सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि संजय सागर और सगढ़ सिंचाई परियोजनाओं का परीक्षण कर आगे के विकास कार्य किए जाएंगे।

जनप्रतिनिधियों ने किया संबोधन

कार्यक्रम में विदिशा की सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है।

पशुपालन मंत्री और विदिशा जिले के प्रभारी लखन पटेल ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा 55 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

विधायक सूर्यप्रकाश मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया है और किसानों के हित में कई नई योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शमशाबाद क्षेत्र में संजय सागर बांध के माध्यम से लगभग 12 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हो रही है।

कार्यक्रम में विधायक हरिसिंह रघुवंशी, हरिसिंह सप्रे, उमाकांत शर्मा, मुकेश टंडन, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, जिलाध्यक्ष महाराज सिंह दांगी, प्रदेश यादव महासभा के पदाधिकारी जगदीश यादव, वरिष्ठ नेता डॉ. मेहताब सिंह, कप्तान सिंह यादव, भगवान सिंह धाकड़, शैलेंद्र सिंह ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

रोड शो के जरिए जनता का अभिवादन

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शमशाबाद में रोड शो भी किया। इस दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर नागरिकों ने उनका स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री का अभिवादन करने के लिए सड़कों पर पहुंचे और कार्यक्रम स्थल तक उत्साह का माहौल बना रहा। मुख्यमंत्री ने भी नागरिकों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button