E-Tricycle Battery Blast: मध्यप्रदेश में ई-ट्राइसाइकिल बनी मौत का सबब, बैटरी ब्लास्ट से दिव्यांग शिक्षक की दर्दनाक मृत्यु
E-Tricycle Battery Blast: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के सारनी में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए इस्तेमाल होने वाली ई-ट्राइसाइकिल अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग इतनी भयानक हो गई कि उस पर सवार दिव्यांग शिक्षक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। यह हादसा न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे शहर को झकझोर गया है।
सारनी के जय स्तंभ चौक के पास हादसा
यह दर्दनाक हादसा सारनी शहर के जय स्तंभ चौक के पास शुक्रवार रात को हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-ट्राइसाइकिल में अचानक बैटरी से तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने पूरी ट्राइसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय सड़क पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हालात बेकाबू हो चुके थे।
ट्यूशन पढ़ाकर चलाते थे अपनी आजीविका
इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान सुनील कुमार लोखंडे, जिन्हें लोग प्यार से गुड्डू कहते थे, के रूप में हुई है। वह सारनी के ही रहने वाले थे और बलीराम लोखंडे के पुत्र थे। सुनील एक साधारण और मेहनती व्यक्ति थे, जो बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपनी आजीविका चलाते थे।
बचाने की तमाम कोशिशें हुईं नाकाम
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने सुनील को बचाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल के पास दुकान चलाने वाले बिल्लू जगदेव ने सबसे पहले पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि प्रयास सफल नहीं हो सका। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें तेज हो गईं और सुनील को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल पाया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए घोड़ाडोंगरी भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के कारणों को समझने का प्रयास कर रही है।
इंजीनियरिंग की की थी पढ़ाई
मृतक के भाई राजेश लोखंडे ने बताया कि सुनील ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। पढ़ाई के बाद वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपना खर्च और जीवन यापन करता था। सीमित साधनों के बावजूद सुनील आत्मनिर्भर जीवन जीने की कोशिश कर रहा था।
बीई की पढ़ाई के दौरान शुरू हुई समस्या
सुनील जन्म से दिव्यांग नहीं था। बीई की पढ़ाई के दौरान उसके शरीर में गंभीर समस्या शुरू हुई। जोड़ों का लिक्विड धीरे-धीरे सूखने लगा, जिससे उसे उठने-बैठने और चलने में परेशानी होने लगी। इलाज के बावजूद स्थिति बिगड़ती गई और करीब 15 साल पहले वह पूरी तरह दिव्यांग हो गया। सुनील का विवाह नहीं हुआ था और वह अपने परिवार के साथ ही रहता था।
स्वनिधि योजना में मिली ट्राइसाइकिल
जिस ई-ट्राइसाइकिल से यह हादसा हुआ, वह लगभग ढाई साल पहले स्वनिधि योजना के तहत नगरपालिका द्वारा दी गई थी। परिवार का कहना है कि इस ट्राइसाइकिल में पहले कभी कोई तकनीकी समस्या सामने नहीं आई थी। इसलिए अचानक हुए इस हादसे ने सभी को हैरान कर दिया है।
- यह भी पढ़ें : Betul Accident News: बैतूल में दो घटनाओं से सनसनी, हाईवे हादसे में युवक की मौत, तालाब में मिला अज्ञात शव
ब्लास्ट की उच्च स्तरीय जांच की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिवार ने बैटरी ब्लास्ट की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कारणों का पता नहीं लगाया गया तो भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं। यह मामला अब केवल एक परिवार का दुख नहीं रहा, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल बन गया है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com




