सरकारी योजना/रोजगार

MP Nursing Recruitment: एमपी में नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के 2646 पदों पर भर्ती, 6 अप्रैल से शुरू होंगे आवेदन

MP Nursing Recruitment: Recruitment for 2646 posts of Nursing Officer and Sister Tutor in MP, applications will start from April 6

MP Nursing Recruitment: एमपी में नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के 2646 पदों पर भर्ती, 6 अप्रैल से शुरू होंगे आवेदन
MP Nursing Recruitment: एमपी में नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के 2646 पदों पर भर्ती, 6 अप्रैल से शुरू होंगे आवेदन

MP Nursing Recruitment: मध्यप्रदेश में नर्सिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इच्छुक उम्मीदवार तय तारीखों में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

संयुक्त भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी

मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए कुल 2646 पद भरे जाएंगे। इनमें नर्सिंग ऑफिसर के 1256 पद सरकारी अस्पतालों में और 954 पद सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शामिल हैं। इसके अलावा सिस्टर ट्यूटर के 218 पद भी इसी परीक्षा के माध्यम से भरे जाएंगे।

आवेदन की प्रक्रिया और तारीखें

इस भर्ती के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 6 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 20 अप्रैल 2026 तक चलेगी। उम्मीदवार 25 अप्रैल तक अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। परीक्षा 15 मई 2026 से आयोजित की जाएगी।

पदों के लिए पात्रता और योग्यता

नर्सिंग ऑफिसर के लिए उम्मीदवार का 12वीं PCB विषय से पास होना जरूरी है। इसके साथ ही बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री होना अनिवार्य है। न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक जरूरी हैं, जबकि आरक्षित वर्ग को 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। मध्यप्रदेश नर्सिंग काउंसिल में पंजीयन भी अनिवार्य रखा गया है।

सिस्टर ट्यूटर पद के लिए भी 12वीं PCB और बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की योग्यता जरूरी है। इसके अलावा कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव और नर्सिंग काउंसिल में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।

पदों का वेतनमान

नर्सिंग ऑफिसर के पद को लेवल-7 के तहत रखा गया है, जिसमें शुरुआती वेतन 28700 रुपए निर्धारित है। वहीं सिस्टर ट्यूटर पद लेवल-9 में आता है, जिसका प्रारंभिक वेतन 36200 रुपए तय किया गया है। दोनों पद नियमित तृतीय श्रेणी सेवा के अंतर्गत आते हैं।

कितना लगेगा आवेदन शुल्क

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपए शुल्क देना होगा। मध्यप्रदेश के एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए फीस 250 रुपए तय की गई है। बैकलॉग पदों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा पोर्टल शुल्क 60 रुपए (कियोस्क) और 20 रुपए (स्वयं लॉगिन) रखा गया है।

परीक्षा का यह होगा पैटर्न

भर्ती परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा की अवधि 2 घंटे तय की गई है। इसमें 25 अंक सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित और विज्ञान से संबंधित होंगे, जबकि 75 अंक नर्सिंग विषय से होंगे। परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी, पहली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी दोपहर 3 से 5 बजे तक होगी।

चयन प्रक्रिया और जरूरी नियम

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। अंतिम चयन विभाग की जरूरत और दस्तावेज सत्यापन के बाद किया जाएगा। परीक्षा के दौरान मोबाइल और कैलकुलेटर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य होगा और परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी उम्मीदवार को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देशदुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button