बैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमंडी भावमध्यप्रदेश अपडेट

MP News: इस तरह लाया मंडी में अनाज तो नहीं होगा नीलाम, मंडी प्रबंधन ने किसानों को दी यह सलाह

MP News: मंडी में अनाज नीलाम की प्रक्रिया बदली अब ऐसे होगी नीलामी

MP News: मध्यप्रदेश के बैतूल में अनाज नीलामी के लिए नई व्यवस्था 26 सितंबर से लागू कर दी गई है। इसके तहत किसानों का अनाज अब ट्रॉली में रखे हुए ही नीलाम किया जा रहा है। लेकिन नीलामी में तब मुश्किल हो जाती है जब अनाज खुला न होकर बोरों भरा हो। इसे देखते हुए मंडी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कल (बुधवार) से कृषि उपज की नीलामी ट्रॉली में खुले माल की ही की जाएगी। अत: कृषक अपनी कृषि उपज ट्रॉली में खुले रूप से लेकर आएं। बोरों में बंद कृषि उपज की नीलामी नहीं की जावेगी। ऐसे में अब साफ हो गया है कि किसान अब यदि बोरों में भरकर अपना माल ट्रॉली से मंडी लेकर पहुंचते हैं तो उनका माल नीलाम नहीं होगा और उन्हें अकारण परेशान होना पड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि अभी तक होता यह था कि किसान मंडी में अपनी उपज लाता है। यहां पर वह अपनी उपज का ढेर लगाता है। इसके बाद व्यापारी और मंडी कर्मचारी हर ढेर पर पहुंचते हैं और बोली लगाते हैं। इस बीच यदि अचानक बारिश हो गई तो किसान की उपज खराब हो जाती है। पूरी मेहनत के बावजूद उसे उपज के वाजिब दाम नहीं मिल पाते, क्योंकि अचानक मौसम बदलने पर किसान अपनी उपज को सुरक्षित नहीं कर पाते। उसके पास न तो इतना समय होता है और ना ही संसाधन होते हैं।

वर्तमान व्यवस्था के कारण मंडी परिसर भी हमेशा खचाखच भरा होता है। सभी तरफ किसानों का अनाज रखा होता है। यही नहीं, उपज की बोली लग जाने और नीलाम हो जाने के बाद भी वह घंटों तक वहीं रखा रहता है। उसकी तौलाई और पैकिंग में खासा समय लगता है। इससे किसान के साथ ही मंडी के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी व्यवस्था बनाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इधर किसानों को भी उपज लेने के बाद उसे वाहन से उतारने के लिए हम्मालों की मदद लेना होता है। इसमें भी उन्हें काफी खर्च करना पड़ता है। अब इन सबकी जरूरत नहीं पड़ेगी।

इन्हीं कारणों से कृषि उपज मंडी बैतूल (krishi upaj mandi betul) में भी ट्राली सिस्टम (trolly system) से नीलामी एवं तौल करने का निर्णय लिया गया है। मंडी समिति बैतूल के सचिव एसके भालेकर ने बताया कि कृषकों की सुविधा के दृष्टिगत सोमवार 26 सितंबर से मंडी प्रांगण में कृषि उपज को खुली ट्राली/वाहन (ट्राली सिस्टम) से ही नीलामी एवं तौल कार्य की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। लेकिन ट्रॉली में अनाज बोरों में भरा होने से नीलामी में दिक्कत आती है। इसलिए कृषकों से अपील की गई है कि वे मंडी प्रांगण में अपनी उपज को ट्राली/वाहन के माध्यम से खुले में विक्रय हेतु लेकर आएं, ताकि शीघ्र नीलामी एवं तौल कार्य पूर्ण किया जा सके।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button