मध्यप्रदेश अपडेट

MP New Industrial Area: एमपी के इस जिले को बड़ी सौगात, 100 एकड़ में बनेगा औद्योगिक क्षेत्र, मिलीं और भी कई सौगातें

MP New Industrial Area: गुढ़ क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र की घोषणा, युवाओं को मिलेगा रोजगार और निवेश को बढ़ावा

MP New Industrial Area: एमपी के इस जिले को बड़ी सौगात, 100 एकड़ में बनेगा औद्योगिक क्षेत्र, मिलीं और भी कई सौगातें
MP New Industrial Area: एमपी के इस जिले को बड़ी सौगात, 100 एकड़ में बनेगा औद्योगिक क्षेत्र, मिलीं और भी कई सौगातें

MP New Industrial Area: मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने की दिशा में मध्य प्रदेश सरकार ने एक और अहम कदम बढ़ाया है। रीवा जिले के गुढ़ क्षेत्र में एक साथ औद्योगिक विकास, धार्मिक पर्यटन और सामाजिक कल्याण से जुड़ी कई घोषणाएं की गईं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यहां न केवल नए औद्योगिक क्षेत्र की घोषणा की, बल्कि मंदिर विकास, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। यह कार्यक्रम गुढ़ क्षेत्र के लिए आने वाले समय में बदलाव और अवसरों का संकेत माना जा रहा है।

विरासत के साथ बढ़ाएंगे विकास को आगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार धार्मिक विरासत को सहेजते हुए पर्यटन के नए केंद्र विकसित कर रही है। उन्होंने बताया कि उज्जैन में महाकाल लोक, मंदसौर में पशुपतिनाथ लोक, ओरछा में राजा श्रीराम लोक, चित्रकूट धाम सहित प्रदेश में कुल 13 भव्य धार्मिक लोक विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य क्षेत्र की पवित्र भूमि का विशेष महत्व है, जहां भगवान श्रीराम ने अयोध्या छोड़ने के बाद अपने जीवन के 11 वर्ष से अधिक समय बिताए थे। चित्रकूट धाम को भव्य और दिव्य स्वरूप देना सरकार का संकल्प है, जहां लगभग तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे और भविष्य में भी आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाएगा।

गुढ़ क्षेत्र में 100 एकड़ का नया औद्योगिक क्षेत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं को रोजगार के नए अवसर देने के उद्देश्य से गुढ़ क्षेत्र में 100 एकड़ भूमि पर नए औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस औद्योगिक क्षेत्र के बनने से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा और पलायन पर रोक लगेगी। यह औद्योगिक क्षेत्र विंध्य अंचल के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

MP New Industrial Area: एमपी के इस जिले को बड़ी सौगात, 100 एकड़ में बनेगा औद्योगिक क्षेत्र, मिलीं और भी कई सौगातें

विकास कार्यों का लोकार्पण और नई घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने बाबा भैरवनाथ मंदिर परिसर में 17 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से किए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर के आगे के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि मंदिर प्रांगण में पुलिस चौकी और भैरवनाथ सरोवर का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके अलावा तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए विश्राम गृह और नई गौशाला बनाने की भी घोषणा की गई।

महिलाओं और युवाओं को मिला आर्थिक सहयोग

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को 2 करोड़ रुपये के हितलाभ वितरित किए। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत डेयरी शुरू करने के लिए हितग्राहियों को आवश्यक राशि के चेक सौंपे गए। साथ ही क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

मंदिरों के पुनर्निर्माण और भव्यता पर जोर

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हजार वर्ष पहले बाहरी आक्रांताओं द्वारा गुजरात के सोमनाथ मंदिर को ध्वस्त किया गया था। आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने उसके पुनर्निर्माण का कार्य कराया। वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में सोमनाथ मंदिर की भव्यता और प्रतिष्ठा में और वृद्धि हुई है। उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का भी उल्लेख किया।

गरीब, किसान और महिलाओं के लिए योजनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाएं हैं। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहन योजना के तहत दी जाने वाली राशि बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई है। किसानों को राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से सालाना 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिल रही है। बच्चों की शिक्षा के लिए प्रदेशभर में आधुनिक सांदीपनि विद्यालय खोले गए हैं। साथ ही हर-घर सौर ऊर्जा योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव से बदली तस्वीर

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री के संकल्प के चलते रीवा जैसे क्षेत्र में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन संभव हो पाया। इसके बाद देशभर के निवेशक विंध्य क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रीवा के संजय गांधी अस्पताल में 322 करोड़ रुपये की लागत से नई कैंसर यूनिट की स्थापना की जा रही है, जिससे क्षेत्र को बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।

गुढ़ मंदिर की यह है धार्मिक महत्ता

स्थानीय विधायक नागेंद्र सिंह ने कहा कि गुढ़ स्थित भगवान भैरवनाथ की प्रतिमा अद्भुत और आस्था का केंद्र है। मुख्यमंत्री के सहयोग से मंदिर परिसर में विकास कार्य संभव हो पाए हैं। कार्यक्रम में कई विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुढ़ के समीप ग्राम खामडीह में भैरवनाथ लोक परिसर का लोकार्पण किया, जिसकी लागत 2 करोड़ 19 लाख रुपये है। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और हवन किया। मंदिर परिसर में बरगद, पीपल और नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर महिलाओं ने मंगल कलश के साथ स्वागत किया और 51 बटुकों के मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण धार्मिक और आध्यात्मिक हो गया।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button