MP Job Announcement: एमपी में बड़ा ऐलान: अगले 5 साल में ढाई लाख नौकरियां, सरसों-मूंगफली भी भावांतर में शामिल होगी
MP Job Announcement: मध्यप्रदेश सरकार ने विकास, रोजगार और किसान कल्याण को लेकर एक बार फिर बड़ा संदेश दिया है। मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित अन्नदाता सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं चलाना नहीं, बल्कि हर वर्ग के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। रोजगार सृजन से लेकर किसानों की आय बढ़ाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तक, सरकार हर मोर्चे पर ठोस कदम उठा रही है।
पांच साल में ढाई लाख नई नौकरियों का वादा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का जो संकल्प लिया था, उस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। सरकार ने एक लाख नौकरियों का लक्ष्य रखा था, जिसमें से अब तक लगभग 60 हजार पदों पर भर्ती पूरी हो चुकी है। आने वाले पांच वर्षों में प्रदेश में करीब ढाई लाख नए पदों पर भर्तियां (MP Job Announcement) की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को सरकारी सेवाओं के साथ-साथ निजी और औद्योगिक क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकें।
लाड़ली बहना योजना से मिला आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार ने इस योजना के तहत मिलने वाली राशि को बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह कर दिया है। यह राशि हर महीने सीधे महिलाओं के खातों में भेजी जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में योजनाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की धरती पर भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

अच्छी पैदावार से आती है हरियाली-खुशहाली
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों की भूमिका को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि किसान हमेशा अपने खेत और फसलों की चिंता करता है। अच्छी पैदावार होने पर हरियाली और खुशहाली आती है, लेकिन मौसम की मार या प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान होने पर पूरे साल की मेहनत पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि अब किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार हर कठिन समय में किसानों के साथ खड़ी है और उनकी ढाल बनकर काम कर रही है।
किसानों के खातों में पहुंचे 200 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना किसानों के जीवन में स्थिरता और सम्मान लाने का माध्यम बनी है। यह योजना किसानों की मेहनत और समर्पण का सम्मान है। मल्हारगढ़ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना की अंतिम किश्त के रूप में प्रदेश के 1 लाख 17 हजार किसानों के खातों में करीब 200 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक 7 लाख 10 हजार से अधिक किसानों को लगभग 1500 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसमें मंदसौर जिले के किसान भी शामिल हैं, जहां 27 हजार से अधिक किसानों को करीब 43 करोड़ रुपये की राशि मिली है।
किसानों को प्रतीकात्मक रूप से सौंपे चेक
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंदसौर जिले के पांच किसानों को भावांतर राशि के चेक भी प्रदान किए। इनमें रघुवीर सिंह को 95 हजार रुपये, मुकेश पाटीदार को 73 हजार रुपये, ओमकार सिंह को 64 हजार रुपये सहित रामदयाल और जगदीशचंद्र पाटीदार को भी भावांतर राशि दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर किसान को उसकी फसल का पूरा मूल्य मिले।

खुद की जान देकर चार लोगों को बचाया
मल्हारगढ़ सम्मेलन में मुख्यमंत्री का संवेदनशील पक्ष भी सामने आया। एक दुर्घटना के दौरान चार लोगों की जान बचाने वाले स्वर्गीय मनोहर सिंह चौहान के पुत्र संजय सिंह को अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक नियुक्ति नहीं, बल्कि साहस और मानवता के सम्मान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मल्हारगढ़ के पास एक दुर्घटना में कार को पानी में डूबता देख मनोहर सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना छलांग लगाई और चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन खुद अपनी जान नहीं बचा सके। उनके 22 वर्षीय पुत्र संजय सिंह को विशेष प्रकरण में पुलिस आरक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है।
- यह भी पढ़ें : MP IPS Transfer: मध्य प्रदेश पुलिस में बड़ा फेरबदल, 14 आईपीएस अफसरों के तबादले, भोपाल को मिला नया पुलिस कमिश्नर
मंदसौर को मिली विकास की कई सौगातें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदसौर जिले के लिए कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की। मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मंदसौर-नीमच स्टेट हाईवे पर 51.91 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन फ्लाईओवर के निर्माण का भूमि पूजन किया गया। पिपलिया मंडी में 5.53 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे अंडरब्रिज के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इसके अलावा मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन से नारायणगढ़ मार्ग पर 2.06 करोड़ रुपये की लागत से बने रेलवे अंडरपास का लोकार्पण भी किया गया।
पिपलिया मंडी में फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण
मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री की मांग पर पिपलिया मंडी में नए फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण, भुवानी माता मंदिर के जीर्णोद्धार और काका गाडगिल सागर डेम को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मंदसौरवासियों को 25 करोड़ रुपये की लागत से बने भगवान श्री पशुपतिनाथ लोक के रूप में एक और बड़ी सौगात मिली है।
भावांतर योजना लागू करने वाला पहला राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने भावांतर भुगतान योजना को सरकारी व्यवस्था के तहत लागू किया। इस योजना से सोयाबीन उत्पादक किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहचान किसानों की मेहनत और पसीने से है और सरकार हर किसान को उसका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
- यह भी पढ़ें : Fig for Diabetes: डायबिटीज में किडनी को बचाने वाला फल है अंजीर, कैसे करता है ब्लड शुगर कंट्रोल, जानिए सही तरीका और फायदे
नई फसलों को भी मिलेगा भावांतर का लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि आने वाले समय में सरसों और मूंगफली की फसलों को भी भावांतर भुगतान योजना के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि आधारित उद्योगों और खाद्य प्रसंस्करण के जरिए किसानों को उनकी उपज का अधिक मूल्य दिलाने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
पीएम मित्र पार्क से कपास किसानों को फायदा
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश ऑर्गेनिक कपास उत्पादन में अग्रणी राज्यों में शामिल है। धार जिले में देश के पहले पीएम मित्र पार्क की स्थापना से करीब छह लाख कपास किसानों को लाभ मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
- यह भी पढ़ें : Gold Silver Price Today: सोना-चांदी ने बनाया नया रिकॉर्ड, सोना पहुंचा 1.75 लाख पर तो चंडी 4 लाख के हुई पार
हर खेत तक पहुँच रहा गांधी सागर का पानी
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मल्हारगढ़ क्षेत्र के हर गांव और हर खेत तक गांधी सागर बांध का पानी पहुंच रहा है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने बीते वर्ष 4 लाख 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट पेश किया था और आने वाले वर्ष में इससे भी बड़ा बजट लाने की तैयारी है।
कार्यक्रम में यह जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
अन्नदाता सम्मान समारोह में राज्यसभा सदस्य बंशीलाल गुर्जर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक अनिरुद्ध मारू, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया सहित बड़ी संख्या में किसान, लाड़ली बहनें और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



