MP Fourth Rail Line Project: एमपी में 237 किमी चौथी रेल लाइन को मंजूरी, छह जिलों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
MP Fourth Rail Line Project: 4329 करोड़ की लागत से इटारसी-भोपाल-बीना सेक्शन पर बड़ा विस्तार, 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य, माल और यात्री ट्रेनों को मिलेगी राहत

MP Fourth Rail Line Project: मध्यप्रदेश में भोपाल रेल मंडल के व्यस्ततम मार्गों में गिने जाने वाले इटारसी-भोपाल-बीना सेक्शन पर चौथी रेल लाइन बिछाने की योजना को केंद्र सरकार की कैबिनेट ने हरी झंडी दे दी है। इस परियोजना के पूरा होने से यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही और अधिक सुगम हो सकेगी।
प्रोजेक्ट पर खर्च होंगे 4329 करोड़ रुपए
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया के अनुसार लगभग 237 किलोमीटर लंबे इस नए रेल ट्रैक के निर्माण पर करीब 4329 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह सेक्शन वर्तमान में अत्यधिक व्यस्त है, जहां बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों का भी संचालन होता है। नई लाइन बनने से ट्रेनों की आवाजाही बेहतर ढंग से संचालित की जा सकेगी और देरी की समस्या में कमी आएगी। इसके साथ ही ट्रेनों की रफ्तार 220 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचाने की सुविधा भी विकसित की जाएगी।
छह जिलों और 40 गांवों को होगा लाभ
नई रेल लाइन इटारसी से शुरू होकर भोपाल होते हुए बीना तक जाएगी। यह मार्ग नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, भोपाल, विदिशा और सागर जिलों से होकर गुजरेगा। इससे करीब 40 गांवों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है। अतिरिक्त लाइन बनने से हर साल लगभग 15.2 मिलियन टन माल ढुलाई की अतिरिक्त क्षमता विकसित होगी, जिससे उद्योगों को तेज और सस्ता परिवहन उपलब्ध हो सकेगा। इससे लॉजिस्टिक लागत कम करने में भी मदद मिलेगी।
- यह भी पढ़ें : MP Bus Strike Update: बस हड़ताल को लेकर आया बड़ा अपडेट, मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद बस ऑपरेटर्स ने लिया यह निर्णय
पर्यटन और विकास को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना के लागू होने से सांची स्तूप और भीमबेटका जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। योजना को पीएम गति शक्ति योजना के अंतर्गत स्वीकृति मिली है। सर्वेक्षण का कार्य पूरा किया जा चुका है और कुछ हिस्सों में निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। निशातपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, हालांकि इसे शुरू करने का प्रस्ताव अभी विचाराधीन है।
- यह भी पढ़ें : Minimum Wages Order: हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद न्यूनतम वेतन नहीं, लाखों श्रमिकों को एरियर का इंतजार
अलग-अलग खंडों में कार्य किया जाएगा
बीना-इटारसी चौथी रेल लाइन परियोजना को चार चरणों में पूरा किया जाएगा। बीना से सुमेर, सुमेर से रानी कमलापति स्टेशन, रानी कमलापति से बरखेड़ा और बरखेड़ा से इटारसी तक अलग-अलग खंडों में कार्य किया जाएगा। योजना है कि सभी हिस्सों में समानांतर रूप से काम आगे बढ़ाया जाए। निर्धारित समयसीमा के अनुसार वर्ष 2028 तक पूरी परियोजना को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



