Mohan Yadav Betul Visit: बैतूल आएंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि को देंगे श्रद्धांजलि
सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद बैतूल में नेताओं का लगातार आना-जाना, मुख्यमंत्री सहित कई मंत्री करेंगे परिवार से मुलाकात

Mohan Yadav Betul Visit: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद शोक व्यक्त करने के लिए प्रदेशभर से नेताओं का बैतूल पहुंचना जारी है। इसी क्रम में शनिवार 14 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी बैतूल आएंगे। वे खंडेलवाल परिवार से मुलाकात कर दिवंगत सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देंगे।
मुख्यमंत्री का निर्धारित कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को हेलीकॉप्टर से बैतूल पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर लगभग 12 बजकर 30 मिनट पर बैतूल हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वे सीधे गंज क्षेत्र स्थित खंडेलवाल परिवार के निवास पहुंचेंगे। वहां वे कुछ समय रुककर परिवार के सदस्यों से मिलेंगे और अपनी संवेदनाएं प्रकट करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1 बजकर 15 मिनट पर हेलीकॉप्टर से कटनी के लिए रवाना हो जाएंगे।
प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने शुक्रवार को हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और वीआईपी प्रोटोकॉल के अनुसार सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- यह भी पढ़ें : MP LPG Supply News: मध्य प्रदेश में LPG की कमी नहीं: सरकार सतर्क, कालाबाजारी रोकने के सख्त इंतजाम
उपमुख्यमंत्री भी पहुंचेंगे बैतूल
सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता बैतूल पहुंचकर शोक व्यक्त कर रहे हैं। शनिवार को प्रदेश सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री भी बैतूल आएंगे। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सुबह करीब 11 बजे सड़क मार्ग से बैतूल पहुंचेंगे और खंडेलवाल परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। वहीं मंत्री कृष्णा गौर दोपहर लगभग 1 बजकर 30 मिनट पर बैतूल पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मिलेंगी और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।
रोज पहुँच रहे प्रदेश के राजनेता
सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद से खंडेलवाल निवास पर जनप्रतिनिधियों और नेताओं का लगातार आना-जाना लगा हुआ है। प्रदेश सरकार के कई मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता और विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि बैतूल पहुंचकर परिवार से मिल रहे हैं और अपनी संवेदनाएं प्रकट कर रहे हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंच रहे हैं।
- यह भी पढ़ें : Mera Ration UMANG App: अब मोबाइल पर देखें कितना मिला राशन, नहीं लगाने होंगे राशन दुकान के चक्कर
आज इन्होंने दी श्रद्धांजलि
मध्यप्रदेश राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त सावन सोनकर शुक्रवार को बैतूल पहुंचे। उन्होंने हेमंत खंडेलवाल के निवास पर जाकर दिवंगत सुरभि खंडेलवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने खंडेलवाल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इसी तरह नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी खंडेलवाल निवास पहुंचे। उन्होंने सुरभि खंडेलवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। मंत्री शुक्ला ने भी ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य देने की प्रार्थना की।
पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने भी बैतूल पहुंचकर सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने खंडेलवाल परिवार से मुलाकात कर गहरा दुख व्यक्त किया और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
इन जनप्रतिनिधियों ने भी दी श्रद्धांजलि
उज्जैन उत्तर से विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, उज्जैन नगर निगम के महापौर मुकेश टटवाल, अलकेश प्रजापति सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी खंडेलवाल निवास पहुंचकर सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।




