Madhya Pradesh Weather Update: मार्च में ही झुलसने लगा मध्य प्रदेश, 4 दिन में और चढ़ेगा पारा, रंगपंचमी से पहले बारिश के भी संकेत
Madhya Pradesh Weather Update: मार्च से मई तक सामान्य से ज्यादा गर्मी की संभावना, पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ जिलों में हल्की बारिश के आसार

Madhya Pradesh Weather Update: मार्च का पहला दिन ही मध्य प्रदेश के लोगों के लिए गर्मी का एहसास लेकर आया। रविवार को तेज धूप ने पूरे प्रदेश का तापमान बढ़ा दिया। कई शहरों में पारा 30 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि निमाड़ क्षेत्र के खरगोन में तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और गर्मी बढ़ने के संकेत दिए हैं, हालांकि इसके साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।
प्रदेश में अचानक बढ़ा तापमान
रविवार को प्रदेश का मौसम पूरी तरह साफ रहा, जिससे दिनभर तेज धूप निकली और तापमान में उछाल आया। इंदौर संभाग के खरगोन में पारा 35.2 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी दिन गर्म रहा। पचमढ़ी को छोड़ दें तो लगभग सभी प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। धार, गुना, ग्वालियर, खंडवा, श्योपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सतना और सिवनी जैसे जिलों में तापमान 33 डिग्री से ऊपर रहा।
रात के तापमान में भी हुई बढ़ोतरी
सिर्फ दिन ही नहीं, रात में भी ठंड कम होती दिखी। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात में कई शहरों में न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहा। जबलपुर में रात का तापमान 19.3 डिग्री और सतना में 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा धार, नर्मदापुरम, श्योपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी, टीकमगढ़, उमरिया और मलाजखंड में भी रात का पारा 17 डिग्री से अधिक रहा।
- यह भी पढ़ें : MP Fourth Rail Line Project: एमपी में 237 किमी चौथी रेल लाइन को मंजूरी, छह जिलों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
अगले चार दिन और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। विभाग का अनुमान है कि मार्च से मई के बीच प्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा। दिन के साथ-साथ रातें भी अपेक्षाकृत गर्म रहेंगी। हीट वेव की स्थिति अप्रैल और मई में ज्यादा असर दिखा सकती है।
बारिश होने की भी संभावना
4 मार्च को एक नया सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बनने वाला पश्चिमी विक्षोभ दो दिन बाद मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते रंगपंचमी के आसपास या उससे पहले कुछ जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।
- यह भी पढ़ें : Digital Master Plan: डिजिटल मास्टर प्लान: यह शहर बनेगा एमपी का पहला पूरी तरह डिजिटाइज्ड शहर, एक क्लिक पर देखें पूरी प्लानिंग
मार्च में तीनों मौसम का दिखेगा असर
पिछले दस वर्षों के रुझानों को देखें तो मार्च में दिन गर्म और रातें हल्की ठंडी रहती हैं, साथ ही कभी-कभी बारिश भी होती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही मौसम देखने को मिल रहा है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि रात में 10 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। ग्वालियर में मार्च के दौरान मौसम में ज्यादा उतार-चढ़ाव देखा जाता है, जबकि जबलपुर में दिन गर्म और रात अपेक्षाकृत ठंडी रहती है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



