Madhya Pradesh Weather Alert: मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम, 22 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर
Madhya Pradesh Weather Alert: दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय, ग्वालियर-इंदौर समेत कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवा की चेतावनी

Madhya Pradesh Weather Alert: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को 22 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इससे पहले भी फरवरी में दो बार बारिश और ओलावृष्टि हो चुकी है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा था। अब तीसरी बार मौसम में बदलाव की स्थिति बन रही है।
22 जिलों में बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग के कई जिलों में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। जिन जिलों में वर्षा के आसार हैं उनमें इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, धार, आलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर शामिल हैं। रतलाम जिले के कुछ क्षेत्रों में मंगलवार रात बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भोपाल, बड़वानी, खरगोन, देवास, सीहोर, विदिशा, सागर, दमोह, पन्ना और सतना जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है।
मौसम बदलने की यह है वजह
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक प्रदेश में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। इन सिस्टम के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। बुधवार को इसका प्रभाव ज्यादा जिलों में दिखाई देगा। मौसम में इस बदलाव के चलते न्यूनतम तापमान में फिलहाल बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
गुरुवार को भी बरकरार रहेगा असर
मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को भी सिस्टम का प्रभाव पूरी तरह खत्म नहीं होगा। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद यह सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा और फिर किसी जिले में बारिश या बिजली चमकने का अलर्ट नहीं रहेगा।
- यह भी पढ़ें : Madhya Pradesh Per Capita Income: मध्यप्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1.69 लाख के पार, जीडीपी में 11.14% की ऐतिहासिक बढ़ोतरी
फरवरी में तीसरी बार बदलेगा मौसम
फरवरी की शुरुआत से अब तक प्रदेश में दो बार तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो चुकी है। इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा था और सरकार ने प्रभावित इलाकों में सर्वे भी कराया था। 18 फरवरी से एक बार फिर प्रदेश में मौसम बदलेगा, जो इस महीने का तीसरा बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
अब सिर्फ रात में महसूस होगी ठंड
वर्तमान स्थिति को देखें तो दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और हल्की गर्माहट महसूस होने लगी है। हालांकि रात और सुबह के समय ठंड बनी हुई है। अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। वहीं दिन का तापमान कई स्थानों पर 30 डिग्री के पार पहुंच सकता है।
- यह भी पढ़ें : Wheat Crop Care: गेहूं की फसल में निकली बालियां, इस समय सावधानी नहीं बरती तो घट सकती है पैदावार
कहां कितना रहा तापमान
नए सिस्टम के सक्रिय होने से पहले प्रदेश में दिन और रात दोनों के तापमान में इजाफा दर्ज किया गया। सोमवार और मंगलवार की रात कटनी जिले का करौंदी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शहडोल के कल्याणपुर में 8.1 डिग्री, पचमढ़ी में 8.8 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। चित्रकूट, उमरिया और मंडला में पारा 11 डिग्री से नीचे रहा।
बड़े शहरों में भोपाल का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, इंदौर का 16.8 डिग्री, ग्वालियर का 13 डिग्री, उज्जैन का 16.2 डिग्री और जबलपुर का 13.1 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के तापमान की बात करें तो मंगलवार को प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे ज्यादा रहा।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com





