बड़ी खबरेंधर्म/अध्यात्म अपडेटबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूज

Ma machna janmotsav : मां माचना का 8 नवंबर को मनाया जाएगा जन्मोत्सव, दीपों से जगमगाएगा फिल्टर प्लांट घाट, शाहपुर में आज निकलेगी शोभायात्रा

Betul News : बैतूल की जीवनदायिनी नदी माँ माचना का जन्मोत्सव प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा विक्रम संवत 2079 को मनाया जाएगा। इस मौके पर विवेकानंद वार्ड स्थित फिल्टर प्लांट माचना घाट पर श्रद्धालुओं द्वारा माँ माचना की आरती की जाएगी वहीं दीपदान भी किया जाएगा। एक साथ सैकड़ों दीपों की चमक से पूरा घाट जगमगा उठेगा।

माँ माचना जन्मोत्सव समिति बैतूल के आनंद प्रजापति ने बताया कि जन्मोत्सव कार्यक्रम 08 नवम्बर 2022 मंगलवार को सायं 07 बजे होगा। इस अवसर पर माचना घाट, फिल्टर प्लान्ट, बैतूल पर दीपदान कर माचना मैया की आरती की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद दुर्गादास उईके होंगे वहीं अध्यक्षता नपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर द्वारा की जाएगी।

विशिष्ट अतिथि भारत भारती शिक्षा समिति के सचिव, जल प्रहरी, पर्यावरण चिंतक एवं विचारक मोहन नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला और नपा उपाध्यक्ष महेश राठौर रहेंगे। कार्यक्रम में सभी समस्त पार्षद भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। श्री प्रजापति ने सभी नगरवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

शाहपुर में दो दिवसीय आयोजन की शुरुआत आज से

• नवील वर्मा, शाहपुर

उधर शाहपुर में भी मां माचना का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस वर्ष मां माचना जयंती का कार्यक्रम दो दिवसीय रहेगा। पंडित सुरेश परसाई ने बताया कि 8 नवंबर को चन्द्र ग्रहण लगेगा। जिसके कारण एक दिन पहले ही 7 तारीख सोमवार को मां माचना जी की प्रतिमा की शोभा यात्रा व चुनरी यात्रा नगर के चौक चौराहों से निकालकर मां माचना नदी के तट पर मूर्ति की स्थापना विधिवत पूजन अर्चन कर की जाएगी।

मंगलवार के दिन मूर्ति का सुबह 8 बजे से पूजन बंद कर दिया जाएगा। चन्द्र ग्रहण का सूतक सुबह 8 बजकर 10 मिनट से लगेगा।  इसलिए वैधकाल में मूर्ति स्पर्श, शयन, भोजन करना निषिद्ध है। चन्द्र ग्रहण का स्पर्श शाम 5 बजकर 10 मिनट पर एवं मोक्ष 6 बजकर 10 मिनट पर होगा। यह ग्रहण दृश्य पर्व है। हमारे भारत देश में दृश्य है। इसलिए समान रूप से ग्रहण संबंधित सभी नियमों का पालन किया जाना चाहिए।

मां माचना समिति के अध्यक्ष कमल किशोर परसाई ने बताया कि ग्रहण की समाप्ति के बाद मां माचना जयंती के तट पर सामूहिक दीपदान कर, 101 मीटर लंबी चुनरी मां माचना जी पर चढ़ाई जाएगी और महाआरती के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा ।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button