देश/विदेश

LPG Cylinder Booking Rule: LPG सिलेंडर बुकिंग पर एक और नया नियम, अब अगली बुकिंग के लिए इतने दिन करना होगा इंतजार

गैस जमाखोरी रोकने के लिए सरकार का बड़ा फैसला, मध्य प्रदेश के लाखों ग्रामीण उपभोक्ताओं पर असर

LPG Cylinder Booking Rule: LPG सिलेंडर बुकिंग पर एक और नया नियम, अब अगली बुकिंग के लिए इतने दिन करना होगा इंतजार
LPG Cylinder Booking Rule: LPG सिलेंडर बुकिंग पर एक और नया नियम, अब अगली बुकिंग के लिए इतने दिन करना होगा इंतजार

LPG Cylinder Booking Rule: देश में बढ़ती रसोई गैस की मांग और सिलेंडरों की जमाखोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच केंद्र सरकार ने नया नियम लागू किया है। अब ग्रामीण इलाकों में रहने वाले उपभोक्ता एक सिलेंडर लेने के बाद अगला सिलेंडर कम से कम 45 दिन बाद ही बुक कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि इससे गैस की उपलब्धता बेहतर होगी और जरूरतमंद परिवारों तक समय पर सिलेंडर पहुंच सकेगा।

क्या कहता है नया नियम

पेट्रोलियम मंत्रालय ने गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। नए नियम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को एक LPG सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग के लिए 45 दिन का इंतजार करना अनिवार्य होगा। पहले यह अवधि कम थी, लेकिन लगातार बढ़ती मांग और आपूर्ति संतुलन को देखते हुए इसमें बदलाव किया गया है।

प्रदेश के उपभोक्ताओं पर असर

केंद्र सरकार के इस निर्णय का प्रभाव मध्य प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लाखों गैस उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा। राज्य में बड़ी संख्या में परिवार प्रधानमंत्री उज्जवला योजना और सामान्य गैस कनेक्शन के माध्यम से रसोई गैस का उपयोग करते हैं। ऐसे में अब इन परिवारों को सिलेंडर के उपयोग में अधिक सावधानी बरतनी होगी ताकि गैस लंबे समय तक चल सके। खासकर संयुक्त परिवारों में गैस की खपत अधिक होने के कारण कुछ मुश्किलें सामने आ सकती हैं।

क्यों लिया गया यह फैसला

पिछले कुछ समय से देश के कई राज्यों में LPG सिलेंडरों की जरूरत से ज्यादा बुकिंग और जमाखोरी की शिकायतें सामने आई थीं। मध्य प्रदेश में भी कई स्थानों पर गोदामों पर छापामार कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि कई लोग जरूरत से अधिक सिलेंडर बुक कर रहे थे, जिससे वास्तविक उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही थी। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सप्लाई को लेकर बनी परिस्थितियों और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए भी यह कदम जरूरी माना गया।

लगातार बदलते रहे बुकिंग नियम

गैस बुकिंग के नियम पिछले कुछ दिनों से कई बार बदले गए हैं। पहले दो सिलेंडरों के बीच किसी प्रकार की समय सीमा तय नहीं थी। 6 मार्च को पहली बार 21 दिन का अंतर निर्धारित किया गया। इसके बाद इसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया। अब ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह अवधि बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई है, जबकि शहरी उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल 25 दिन का अंतर ही लागू रहेगा।

डिलीवरी प्रक्रिया में भी सख्ती

गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए डिलीवरी के समय OTP प्रणाली लागू की गई है। जब उपभोक्ता के घर सिलेंडर पहुंचेगा, तब उनके मोबाइल नंबर पर एक OTP भेजा जाएगा। उपभोक्ता द्वारा OTP बताने के बाद ही डिलीवरी को पूरा माना जाएगा। इससे फर्जी डिलीवरी और अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

सरकार ने की यह अपील

सरकार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का स्टॉक न करें और घबराहट में बुकिंग से बचें। ऐसा करने से वास्तविक जरूरत वाले परिवारों को परेशानी हो सकती है और कालाबाजारी को भी बढ़ावा मिलता है। इसलिए सभी उपभोक्ताओं से जिम्मेदारी के साथ गैस का उपयोग करने की अपील की गई है।

बैतूल जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों से बचने की अपील

बैतूल के जिला आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम ने कहा कि बैतूल जिले में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा ऑयल कंपनी से आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ऑयल कंपनियों द्वारा एहतियातन घरेलू गैस कनेक्शन की रिफिल बुकिंग अवधि 21 दिवस के स्थान पर 25 दिवस कर दी गई है। साथ ही कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई उपलब्धता के आधार पर निरंतर जारी है।

अत्यंत आवश्यक संस्थाओं चिकित्सालय, शैक्षणिक संस्थाओं में आपूर्ति निर्बाध जारी है। गैस कनेक्शन की रिफिल बुकिंग में सर्वर की कुछ आंशिक समस्या के कारण कुछ विलंब हो रहा है। जिसका निराकरण भी ऑयल कंपनियों से सतत समन्वय कर दुरूस्त किया जा रहा है। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेन्ट, उद्योग संस्थानों को ईंधन के रूप में एलपीजी के अतिरिक्त अन्य ईंधन के विकल्प के उपयोग के लिए भी समझाइश दी जा रही है। जिससे कि होटल, रेस्टारेन्ट, उद्योग संस्थान भी सुचारू रूप से संचालित रहे।

अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय दण्डाधिकारी के नेतृत्व में तहसीलदार, पुलिस थाना प्रभारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी का दल गठित कर एलपीजी के उपयोग एवं सप्लाई पर सतत निगरानी करायी जा रही है। जिले में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की कमी या आपात जैसी स्थिति नहीं है। आमजनों से अपील की है कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यम से अफवाह जनक जानकारी से भ्रमित न हो।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देशदुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button