Valley Bridge in Sukhtawa : युद्धस्तर पर चल रहा सुखतवा के वैली ब्रिज का काम, बुधवार तक चालू होने की संभावना
▪️ मंगेश यादव, इटारसी/नवील वर्मा, शाहपुर
भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे (Bhopal-Nagpur National Highway) पर सुखतवा में वैली ब्रिज (Valley Bridge in Sukhtawa) बनाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। सेना के जवानों ने रात भर में ही पुल का प्लेटफॉर्म तैयार कर दिया है। अब इस पर नट-बोल्ट कसाई का काम चल रहा है। मंगलवार शाम तक पुल और एप्रोच रोड सहित सभी काम पूरे होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद (when will the traffic start) बुधवार से यातायात शुरू किया जा सकता है।
नर्मदापुरम जिले में इटारसी के पास सुखतवा नदी पर अंग्रेजों के जमाने में बना पुल एक भारी भरकम ट्राले के गुजरने के दौरान ढह गया था। इसके बाद यहां अस्थाई पुल बनाकर यातायात जारी रखा गया था। अब तवा डैम का बैकवाटर यहां तक पहुंच गया है। इससे वह अस्थाई पुल भी उसमें डूब गया है। उससे यातायात जारी रखना खतरे से खाली नहीं है।
इन हालातों में आवागमन को सुचारू बनाए रखने सेना की मदद ली गई है। यहां सेना की MES (मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस) विंग द्वारा वैली ब्रिज तैयार किया जा रहा है। कर्नल एमएस मेहता की अगुवाई में सेना ने शुक्रवार की सुबह 6 बजे से पुल का काम चालू किया था। सेना के 80 जवान यहां रात-दिन काम में जुटे हैं। यही वजह है कि रात भर में ही जवानों ने प्लेटफॉर्म तैयार कर पुल के दोनों पिलरों पर रख दिया है। देखें वीडियो…
इसके लिए 2 पोकलेन, 2 क्रेन और 1 जेसीबी की मदद ली गई। अब इस पर नट-बोल्ट कसने का काम किया जा रहा है। पुल के पूरी तरह से तैयार होने के बाद इसका ट्रायल लिया जाएगा। इसके अलावा पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड भी बनना है। यह काम एनएचएआई द्वारा किया जाएगा।
एसडीएम कर रहे पूरा-पूरा सहयोग
इस पुल को जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए इटारसी एसडीएम मदनसिंह रघुवंशी भी अपनी ओर से पूरे प्रयास कर रहे हैं। वे लगातार मौके पर मौजूद रह कर सभी जरुरतों का पूरा ध्यान रख रहे हैं। नर्मदापुरम कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने भी शुक्रवार को निर्माणाधीन पुल का मुआयना कर जानकारी ली थी।

40 टन तक के वाहन गुजर सकेंगे
सेना द्वारा जो वैली ब्रिज तैयार किया जा रहा है वह 93 फीट लंबा और 10.50 फीट चौड़ा होगा। इसकी क्षमता 40 टन की होगी। इससे अधिक वजनी वाहनों को इस पर से जाने की अनुमति नहीं होगी। इससे अधिकांश वाहन इस पुल से निकाले जा सकेंगे और अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना होगा।
कब तक शुरू होने की है संभावना
इस संबंध में इटारसी एसडीएम श्री रघुवंशी का कहना है कि मंगलवार तक वैली ब्रिज का काम पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मंगलवार रात में ही या बुधवार को ट्रायल लिया जाएगा। इससे उम्मीद है कि बुधवार से इस पुल से यातायात शुरू हो जाएगा।



