Jangli Hathi Ka Video: बीच जंगल में थी यात्रियों से भरी बस, तभी जंगली हाथी ने रास्ता रोक शुरू किया पीछा, लोगों की जान बचाने ड्राइवर ने 8 किमी तक लाई रिवर्स

Jangli Hathi Ka Video: आप बस से सफर कर रहे हो। बस घने जंगल में हो। इसी बीच कोई विशालकाय जंगली हाथी बस का रास्ता रोक ले। केवल रोके ही नहीं बल्कि हिंसक और आक्रामक तरीके से बस की ओर लपक भी पड़े तो आपकी हालत क्या होगी?
जाहिर है आपकी जान हलक में आ जाएगी। शर्तिया तौर पर आप आंखें बंद कर लेंगे और यही दुआ करेंगे कि कोई चमत्कार हो जाए और हाथी पीछा करना छोड़ कर जंगल में चला जाए।
केरल राज्य में एक बस में सवार 40 यात्रियों के साथ भी पिछले दिनों ऐसा ही वाकया पेश आया। वहां एक जंगली हाथी ने बीच जंगल में बस का रास्ता रोक लिया। इसके बाद बस की ओर तेजी से आने लगा। हालांकि अच्छी बात यह थी कि बस का ड्राइवर अनुभवी था और ऐसी परिस्थितियों को नियंत्रित करना उसे आता था।
लिहाजा, उसने अपनी सूझबूझ से सभी यात्रियों की जान बचा ली। इस ड्राइवर ने जंगल के घुमावदार और पहाड़ी रास्ते पर बस को करीब 8 किलोमीटर तक रिवर्स लाया। अब इस ड्राइवर की हर तरफ जमकर वाहवाही हो रही है।
एशियानेट न्यूज ने इस पूरे घटनाक्रम को विस्तार से पेश किया है। एशियानेट न्यूज के मुताबिक यह मामला बीते मंगलवार का है। इसमें केरल के त्रिशूर में चालकुडी से वालपराई रोड पर 40 यात्रियों को लेकर एक बस जा रही थी।
इसी बीच अंबालापारा के पास जंगल में एक बड़ा बस के सामने आ गया। इसके चलते ड्राइवर को बस को रोकना पड़ा। इसके बाद हाथी खतरनाक तरीके से बस की ओर बढ़ने लगा। यह देखकर यात्रियों की हालत खराब हो गई। ऐसे में ड्राइवर ने बेहद समझदारी और सूझबूझ दिखाई और बस को रिवर्स लेना शुरू कर दिया।
अब बस में सवार यात्रियों के सामने दोहरी आफत थी। एक और सामने से बस की ओर लपक रहा हाथी और दूसरी ओर रिवर्स चल रही बस के जंगली रास्ते पर हादसे का शिकार होने का डर। ऐसी कोई जगह भी बीच में नहीं थी और न इतना समय था कि बस को मोड़ा जा सके।
हालांकि ड्राइवर ने खुद पर और बस पर पूरा कंट्रोल रखा और कोई हादसा नहीं होने दिया। वह बस को अंबलपारा से अनाक्कायम तक रिवर्स लाया। इस दौरान हल्ला कर और जानकारी देकर बस के पीछे आ रही पर्यटकों की जिप्सियों और कारों को भी लौटाया गया। यहां देखें वीडियो….
'അംബുജാക്ഷൻ ഹീറോയാടാ.. ഹീറോ..' സ്വകാര്യ ബസിന് നേരെ പാഞ്ഞടുത്ത് ഒറ്റയാൻ കബാലി, എട്ടുകിലോമീറ്റർ പിന്നോട്ടോടിച്ച് യാത്രക്കാരെ രക്ഷപ്പെടുത്തി ഡ്രൈവർ അംബുജാക്ഷൻ; ചാലക്കുടി-വാൽപ്പാറ റൂട്ടിൽ ഒരു സാഹസികയാത്ര#wildelephant #kabali pic.twitter.com/QfuJFZlKx2
— Asianet News (@AsianetNewsML) November 16, 2022
आखिरकार अनाक्कायम क्षेत्र के पास हाथी ने सड़क छोड़ी और जंगल में घुसा। इसके बस यात्रियों और बस के स्टाफ ने राहत की सांस ली। यह पूरा वाकया एक यात्री ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। यह वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है।
उधर हाथी के बारे में बताया जाता है कि अनाक्कायम हाईवे पर पिछले कई हफ्तों से वह वाहन चालकों को खासा परेशान कर रहा है। पिछले दिनों उसने एक फॉरेस्ट की जीप पर भी हमला किया था वहीं अंबलापारा में केएसईबी ऑफिस में भी खासा उत्पात मचाया था।



