ITR Filing Deadline 2025: आईटीआर दाखिल करने कुछ ही घंटे बाकी, चूक गए तो लगेगा इतना जुर्माना, जानें पूरी डिटेल
ITR Filing Deadline 2025: इनकम टैक्स रिटर्न यानी ITR हर साल दाखिल करना होता है। यह न केवल एक कानूनी जिम्मेदारी है बल्कि आईटीआर दाखिल करने के कई फायदे भी हैं। यही कारण है कि समझदार लोग, इन्कम टैक्स के दायरे में न आने के बावजूद हर साल पूरी मुस्तैदी के साथ आईटीआर दाखिल करते हैं।
वित्त वर्ष 2024-25 और असेसमेंट ईयर 2025-26 के लिए सरकार ने आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2025 तय की है। सरकार की ओर से इस तारीख को आगे बढ़ाने को लेकर अभी तक कोई नई घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में यह जरूरी है कि जो भी करदाता अभी तक अपना रिटर्न दाखिल नहीं कर पाए हैं, वे जल्द से जल्द यह जरुरी काम कर लें। इससे पेनल्टी से बचने के साथ ही कई परेशानियों से भी छुटकारा मिलेगा।
देरी से रिटर्न भरने पर इतना जुर्माना
अगर कोई व्यक्ति निर्धारित समय तक अपना रिटर्न दाखिल नहीं करता है तो उसे लेट फाइलिंग करनी होगी। इसे बेलिटेड रिटर्न कहा जाता है। बेलिटेड रिटर्न (Belated Return) दाखिल करते समय अतिरिक्त शुल्क चुकाना पड़ता है।
आयकर विभाग के अनुसार जिनकी सालाना आय 5 लाख रुपये से अधिक है, उन्हें लेट फाइलिंग के लिए 5000 रुपये तक का जुर्माना देना पड़ सकता है। वहीं जिनकी आय 5 लाख रुपये से कम है, उनके लिए यह पेनल्टी 1000 रुपये तक सीमित है। यह जुर्माना आयकर अधिनियम की धारा 234एफ के तहत लिया जाता है।

लेट फाइलिंग के और भी कई नुकसान
जुर्माना भरने के अलावा देर से आईटीआर दाखिल करने के कई और नुकसान भी हैं। अगर कोई व्यक्ति समय से पहले रिटर्न फाइल करता है तो उसे रिफंड जल्दी मिल जाता है। लेकिन देर से रिटर्न भरने की स्थिति में रिफंड आने में देरी हो सकती है। इसके साथ ही ब्याज का लाभ भी हाथ से निकल जाता है।
बार-बार रिटर्न फाइल करने में लापरवाही करने पर आयकर विभाग की ओर से ऑडिट की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा यदि किसी को भविष्य में बैंक से लोन लेना है या विदेश यात्रा के लिए वीजा की जरूरत पड़ती है तो समय पर आईटीआर दाखिल न करने का रिकॉर्ड उसकी परेशानी बढ़ा सकता है।
- यह भी पढ़ें : Bank of Baroda MCLR: इस बैंक ने सस्ते किए लोन, अब पूरे होंगे सपने, फेस्टिव सीजन पर बड़ा तोहफा
बेलिटेड रिटर्न की भी यह समय सीमा
अगर कोई व्यक्ति 15 सितंबर तक आईटीआर दाखिल नहीं कर पाता है तो उसके पास बेलिटेड रिटर्न भरने का विकल्प रहेगा। इसके लिए अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2025 तय की गई है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि जितनी जल्दी रिटर्न फाइल कर दिया जाए उतना ही अच्छा रहता है। देर करने पर न सिर्फ जुर्माना बढ़ सकता है बल्कि अन्य वित्तीय दिक्कतें भी सामने आ सकती हैं।

इस बार पेश आईं यह ढेरों परेशानियां
टैक्स प्रोफेशनल्स और संगठनों ने मौजूदा डेडलाइन पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस बार पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतें ज्यादा देखने को मिल रही हैं। कई बार वेबसाइट धीमी हो जाती है जिससे रिटर्न भरने में परेशानी आती है। इसके अलावा दस्तावेजों की तैयारी और डेटा को अपलोड करने में भी समय लगता है। टैक्स प्रोफेशनल्स का कहना है कि इस कारण बहुत से करदाता अंतिम दिनों तक काम पूरा नहीं कर पाते हैं।
आईटीआर की डेडलाइन बढ़ाने की मांग
विभिन्न टैक्स बार एसोसिएशन और अकाउंटेंट्स संगठनों ने वित्त मंत्रालय से अपील की है कि डेडलाइन को कुछ हफ्तों के लिए बढ़ा दिया जाए। उनका मानना है कि यदि समयसीमा आगे बढ़ती है तो करदाता बिना दबाव के सही और व्यवस्थित तरीके से रिटर्न भर पाएंगे। इस तरह न केवल टैक्सपेयर को राहत मिलेगी बल्कि आयकर विभाग के लिए भी कामकाज सुचारु रूप से करना आसान हो जाएगा।
- यह भी पढ़ें : Sukanya Samriddhi Yojana: महज 35 हजार साल से 16 लाख का फंड तैयार, बेटी की पढ़ाई से शादी तक की चिंता खत्म
समय पर आईटीआर भरने के फायदे
नियमित रूप से और समय पर आईटीआर दाखिल करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि करदाता को आयकर विभाग की नजर में जिम्मेदार माना जाता है। इससे उसकी वित्तीय साख मजबूत होती है। समय पर रिटर्न भरने से ब्याज और पेनल्टी का डर नहीं रहता। इसके साथ ही आयकर विभाग द्वारा दी जाने वाली सेवाओं का लाभ आसानी से मिल जाता है। यदि किसी को रिफंड पाना है तो वह बिना देरी के मिल जाता है।
लोन मंजूर होने में भी होती आसानी
भविष्य की वित्तीय जरूरतों जैसे होम लोन, कार लोन या शिक्षा ऋण के लिए बैंक आईटीआर को एक अहम दस्तावेज मानते हैं। जिन लोगों का रिटर्न समय पर दाखिल होता है, उनके लिए बैंक और अन्य वित्तीय संस्थान आसानी से लोन मंजूर कर देते हैं। विदेश यात्रा, उच्च शिक्षा और वीजा की प्रक्रिया में भी आईटीआर की कॉपी काम आती है।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



