IPL betting : स्ट्रीट लाइट के नीचे खड़े होकर लिख रहा था सट्टा, 8 हजार और मोबाइल जब्त

नगर में जहां बीते दिनों ढाबे पर काम करने वाला युवक आईपीएल मैच पर सट्टा खिलाते हुए पकड़ाया था। वहीं गुरुवार रात में एक और युवक को पुलिस ने आईपीएल मैच पर सट्टा खिलाते हुए पकड़ा है।
थाना प्रभारी सुनील लाटा ने बताया मुखबिर से सूचना मिली थी बस स्टैंड के पास पारेगांव रोड पर एक युवक आईपीएल क्रिकेट टीमों के बीच हार जीत पर रुपए का दाव लगाकर सट्टा पर्ची लिख रहा है। सूचना पर गुरुवार रात में प्रधान आरक्षक निलेश सोनी, आरक्षक अविनेश और गोपाल की टीम ने बताए गए ठिकाने पर दबिश दी।
दबिश के दौरान तीन लोग स्ट्रीट लाइट के नीचे खड़े थे। पुलिस की गाड़ी देख कर भागने लगे। पुलिस ने एक युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पकड़ में आए युवक अक्षय पिता राजेश लोधी 25 साल निवासी शारदा नगर अमरावती रोड की तलाशी ली। उसके पास एक 20 पेज की कापी मिली। जिसमें आईपीएल क्रिकेट टीमों के मैच के संबंध में लिखा था। वहीं लगभग एक लाख रुपए के हार-जीत के दाव का उल्लेख था।
पुलिस ने आरोपी अक्षय लोधी के पास से 8 हजार 200 रुपए, मोबाइल बरामद किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया वह गुरुवार को आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल के बीच हो रहे मैच पर हार-जीत के दाव लगा रहा था। थाना प्रभारी श्री लाटा ने बताया आरोपी अक्षय लोधी के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया है।



