Fire : खेत से अचानक उठने लगी लपटें, वायरिंग हुई खाक, फायर ब्रिगेड पहुंचने से बचा लाखों का सागौन
◼️ नवील वर्मा, शाहपुर
गर्मी के सीजन में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। छोटी सी चिंगारी भयंकर आग का रूप ले ले रही है। सोमवार शाम को भी बरबटपुर के पास एक खेत में अचानक आग लग गई। इसमें सागौन के पेड़ और कटी हुई लकड़ियां भी थी। शुक्र था कि फायर ब्रिगेड तत्काल ही मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। अन्यथा बड़ा नुकसान हो जाता।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज नगर परिषद शाहपुर के बरबटपुर के पास खेत में अचानक आग लग गई। आग में लाखों रुपए का नुकसान होते-होते बच गया। समय रहते नगर परिषद की फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई। जिसने आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार बरबतपुर में हरीश घिघोडे एवं अरुण तिवारी के खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे 2 से 3 एकड़ में उगी झाड़ियां, और छोटी-मोटी लकड़ियां जलकर राख हो गई। जबकि इसी खेत में सागौन के लाखों रुपए कीमत के कटे हुए झाड़ भी पड़े थे।
सूचना मिलते ही समय रहते नगर परिषद शाहपुर की फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई और आग को बढ़ने से रोक लिया। अन्यथा व्यापारी को लाखों रुपए का नुकसान हो जाता। हालांकि आग लगने से खेत में लगी वायरिंग जलकर राख हो गई है।



