Facebook Rape Case: फेसबुक दोस्ती का खतरनाक जाल: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आर्मी जवान गिरफ्तार
Facebook Rape Case: Dangerous trap of Facebook friendship: Raped on the pretext of marriage, Army soldier arrested

Facebook Rape Case: सोशल मीडिया पर बनी दोस्ती कैसे धोखे में बदल सकती है, इसका एक गंभीर मामला बैतूल में सामने आया है। फेसबुक के जरिए संपर्क कर एक महिला को शादी का भरोसा दिलाया गया और फिर लंबे समय तक उसका शोषण किया गया। अब पुलिस ने आरोपी सैनिक को गिरफ्तार कर लिया है।
फेसबुक से शुरू हुआ संपर्क
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 22 अप्रैल 2025 को थाना कोतवाली बैतूल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ थाने पहुंची थी। उसने बताया कि आरोपी संदीप पिता मूलचंद धुर्वे, उम्र 34 वर्ष, निवासी परतवाडा ने वर्ष 2021 में फेसबुक के माध्यम से उससे संपर्क किया था। बातचीत बढ़ने के साथ आरोपी ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का वादा किया।
शादी का झांसा देकर किया शोषण
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने विवाह का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसका इलाज और डिलीवरी परतवाडा में करवाई। इस दौरान वह उसे लगातार अलग-अलग जगहों पर रखता रहा। महिला को परतवाडा (महाराष्ट्र) और मेरठ (उत्तर प्रदेश) में किराए के मकानों में रखा गया। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तब आरोपी ने साफ इंकार कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है।
मामला दर्ज कर शुरू हुई जांच
पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली बैतूल में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 470/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(N) और 506 में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
एक साल तक देता रहा चकमा
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी उस समय मेरठ के तोपखाना कैंट में तैनात था। बाद में उसका तबादला मणिपुर के लीमाकोंग और फिर नागालैंड के जखामा में हो गया। आरोपी को अपने खिलाफ दर्ज मामले की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद वह एक साल तक छुट्टी पर घर नहीं आया और लगातार पुलिस से बचता रहा।
- यह भी पढ़ें : Fake Trading App Scam: फर्जी ऐप से ऑनलाइन निवेश के नाम पर लगाई तगड़ी चपत, ठग डाले 46 लाख से ज्यादा रुपये
सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर और साइबर सेल से सूचना मिली कि आरोपी ट्रेन से अपने घर परतवाडा आ रहा है। उसने पुलिस को भ्रमित करने के लिए बस से आने की झूठी जानकारी भी दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए अमरावती जिले के वरुण क्षेत्र के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बैतूल लाया गया।
इस टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक उत्तम मस्तकार, साइबर सेल के आरक्षक राजेन्द्र, दीपेन्द्र, पंकज और थाना स्टाफ के नितिन, अनिरुद्ध व महेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- यह भी पढ़ें : E Token Fertilizer: ई-टोकन नियम तोड़ने पर बैतूल में सख्त कार्रवाई, तीन समिति प्रबंधक निलंबित और 24 लाइसेंस रद्द
पुलिस अधीक्षक ने की अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आम लोगों, खासकर महिलाओं और युवतियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार के झांसे या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत पुलिस को जानकारी दें। आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



