e-attendance salary stop warning: ई-अटेंडेंस नहीं लगाई तो रुकेगा वेतन! कमिश्नर की सख्त चेतावनी, अधिकारियों पर भी गिरेगी गाज
E-attendance salary stop warning: Salaries will be stopped if e-attendance is not set up! The Commissioner issues a strict warning, and officials will also face action.

e-attendance salary stop warning: बैतूल। नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट बैतूल में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन, संयुक्त आयुक्त नवल मीना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागायुक्त श्री तिवारी ने ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि तहसील कार्यालयों में आवक-जावक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए तथा समस्त कार्य केंद्रीयकृत रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से ही किए जाएं, ताकि फाइलों की मॉनिटरिंग कार्यालय प्रमुख से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा सके।
उन्होंने ट्रेजरी से संबंधित आहरण एवं राहत सहित सभी कार्य भी ई-ऑफिस पर ही संचालित करने के निर्देश दिए। राजस्व प्रकरणों को समय-सीमा में दर्ज करने के लिए रीडर को पाबंद करने तथा प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्षों को तामिली समय पर प्राथमिकता से कराई जाए तथा लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों का भी समय पर प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सभी शिक्षक दर्ज करें ई-अटेंडेंस
स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत उन्होंने विद्यार्थियों के नामांकन, शिक्षकों के सेवा स्थापना संबंधी प्रकरण, ई-अटेंडेंस तथा निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण की समीक्षा की और निर्देशित किया कि सभी शिक्षक अनिवार्य रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज करें, नहीं दर्ज करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वेतन आहरण नहीं किया जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक को शत-प्रतिशत ई-अटेंडेंस सुनिश्चित करने तथा ई-अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

पदोन्नति के प्रकरण जल्द करें निराकृत
निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण का सतत मॉनिटरिंग करने के साथ ही नवनियुक्त माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त करने के प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने शिक्षकों की पदोन्नति, क्रमोन्नति, प्रथम एवं द्वितीय समयमान वेतनमान तथा अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने और अनावश्यक लंबित रखने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सांदीपनी स्कूलों के भवन निर्माण तथा प्रगतिरत छात्रावास निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
योजनाओं में शत-प्रतिशत करें वितरण
संभागायुक्त ने आदिवासी वित्त विकास निगम अंतर्गत संचालित संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना एवं भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उच्च शिक्षा विभाग अंतर्गत गांव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण एवं मेधावी योजना के तहत छात्रवृत्ति प्रकरणों की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के लिए निर्देशित किया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए विभागीय समन्वय के साथ खेल आयोजनों के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : MP Pension Payment: एमपी हाईकोर्ट सख्त: पेंशन-ग्रेच्युटी में देरी नहीं चलेगी, 3 महीने में भुगतान का आदेश
पंजीयन में कमी पर जताई नाराजगी
स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं के पंजीयन में कमी पर नाराजगी जताई तथा कम प्रगति वाले ब्लॉकों में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने एनीमिया मुक्त अभियान के तहत एनीमिक महिलाओं की व्यवस्थित जांच, उपचार एवं पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा मातृ मृत्यु दर के सभी प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक उपाय के निर्देश दिए।

एसडीएम करें फायर सेफ्टी ऑडिट
सिकल सेल उन्मूलन, टीबी उन्मूलन सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में फायर सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी आंगनवाड़ी सभी निर्धारित दिवसों पर अनिवार्य रूप से खुले। सभी बच्चे नियमित आंगनवाड़ियों में आए। पोषण आहार का सुचारू रूप से वितरण किया जाएं।
- यह भी पढ़ें : MP Transfer News: मध्य प्रदेश में तबादलों के लिए करना होगा लंबा इंतजार, जून में ही खुल सकता है बैन, यह है वजह
जल्द पूरे करें प्रधानमंत्री आवास
उन्होंने समग्र ई-केवाईसी की जनपद एवं निकायवार समीक्षा कर शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा जल गंगा संवर्धन अभियान एवं जल संचय जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा ग्रीष्म ऋतु में सभी जनपदों एवं निकायों में पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। अमृत योजना के तहत जल संरचनाओं के निर्माण कार्यों को भी समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया।
बुनियादी सुविधाओं का हों प्रभावी क्रियान्वयन
संभागायुक्त ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था जैसी आधारभूत सुविधाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा जर्जर भवनों को चिन्हित कर उनके डिस्मेंटल की कार्रवाई की जाए। सभी नगरीय निकाय स्वास्थ्य के सभी पैरामीटर्स पर भी सक्रिय रहें।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



