Direct action : रेप के आरोपियों के खेत पर चला प्रशासन का हार्वेस्टर, खड़ी फसल कटवाई, की जाएगी नीलाम
मध्यप्रदेश में आपराधिक तत्वों पर चल रही ताबड़तोड़ अंदाज की तर्ज पर गुरुवार को बैतूल में भी प्रशासन ने दुष्कर्म के आरोपियों के खेत में हार्वेस्टर चला दिया। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बोई गई यह फसल प्रशासन ने कटवा ली है। जल्द ही इसे नीलाम करने की कार्यवाही की जाएगी। इस कार्यवाही से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।
तहसीलदार प्रभात मिश्रा ने बताया कि चेतन विश्वकर्मा और राहुल विश्वकर्मा अपना ढाबा नाम से ढाबा संचालित करते थे। आठनेर थाना क्षेत्र की एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी इनके ढाबे पर पहुंची थी। वहां कई दिनों तक दोनों आरोपियों ने उसे रखा और उसके साथ जबरदस्ती दुराचार किया। पीड़िता के अपहरण का मामला आठनेर थाने में दर्ज था। पीड़िता इनसे मुक्त होकर जब घर गई तो परिजनों को उसने अपनी आप बीती बताई।

इसके बाद परिजनों के साथ पुलिस के पास पहुंची लडक़ी की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है। तहसीलदार श्री मिश्रा ने बताया कि इसी मामले को लेकर जानकारी जुटाने पर ज्ञात हुआ कि बैतूलबाजार थाना क्षेत्र में मिलानपुर के पास लगभग ढाई एकड़ शासकीय जमीन पर आरोपियों के पिता मुन्ना विश्वकर्मा ने अतिक्रमण किया हुआ है।

इस पर आज हार्वेस्टर से खड़ी फसल कटवाकर फसल जब्त कर ली गई है। इस फसल की नीलामी की जाएगी। कार्यवाही के दौरान बैतूल बाजार टीआई एबी मर्सकोले एवं थाने का पूरा स्टाफ भी मौजूद रहा। प्रशासन द्वारा की गई इस सीधी कार्यवाही से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मचा है।



