Covid-19 : अब शाहपुर में मिले 2 पॉजिटिव, अभी भी जिले में कोरोना के 5 एक्टिव केस

बैतूल। जिले से कोरोना का खात्मा होने का नाम ही नहीं ले रहा है। अभी तक घोड़ाडोंगरी में मरीज मिल रहे थे। वहीं अब शाहपुर क्षेत्र में 2 मरीज मिले हैं। इसके साथ ही अब जिले में एक्टिव केस का आंकड़ा बढ़कर 5 हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक आज 385 सैम्पलों की रिपोर्ट आई है। जिनमें से 2 की रिपोर्ट पॉजिटिव है। यह दोनों मरीज शाहपुर ब्लॉक के हैं। कल 2 मरीजों के डिस्चार्ज होने पर एक्टिव केस 3 रह गए थे। लेकिन अब 2 पॉजिटिव आने से इनकी संख्या अब फिर 5 हो गई है। गौरतलब है कि इसके पहले घोड़ाडोंगरी ब्लॉक में कुछ दिनों तक लगातार मरीज मिले थे।
जिले में अभी तक कुल 16451 लोग कोरोना महामारी से संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें से 16168 लोग इस बीमारी को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं 297 लोग इस बीमारी की चपेट में आकर अपनी जान गवां चुके हैं। हालांकि अब कोरोना का प्रकोप खत्म हो चुका है, लेकिन यह इक्का-दुक्का मिलने वाले मरीज चिंता बढ़ा देते हैं।



