Betul Today News: पेट्रोलियम राज्य मंत्री तेली बोले – पहले अनसुनी हो जाती थी आवाज, आज भारत बोलता है तो सुनती है दुनिया
Betul Today News: Minister of State for Petroleum Teli said - earlier the voice used to be unheard, today when India speaks, the world listens
Betul Today News: (बैतूल)। भारत के केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने बैतूल की एक होटल में पत्रकारों से चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन के 9 वर्षों पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसम्पर्क अभियान शुरू किया है। इस अभियान में लोकसभा के एक हजार से अधिक विशिष्ट परिवारों से संपर्क और सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता संपर्क करेंगे। इसके साथ ही लोकसभा के अधिक से अधिक बूथों पर अलग- अलग कार्यक्रम होंगे।
श्री तेली ने कहा कि बीते 9 वर्ष भारत के नवनिर्माण के, भारत के गरीब कल्याण के 9 वर्ष रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21 वीं सदी भारत की सदी है। बीते 9 सालों में भारत ने ’पॉलिसी पेरालिसिस’ से ’डिसाइसिव पॉलिसी’ और अर्थव्यवस्था में ’फ्रेजाइल फाइव’ से ’टॉप फाइव’ की यात्रा की है। भारत ने बीते 9 साल में एक पार्टी के ’अपना परिवार, अपनी विकास नीति को दरकिनार कर ’सबका साथ, सबका विकास’ की कहानी लिखी है। पहले भारत की आवाज अनसुनी कर दी जाती थी। आज जब भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति प्रतिष्ठित की है।
श्री तेली ने कहा कि पहले योजनाएं कागजों की धूल फांकती रहती थी। आज एक ही कार्यकाल में योजनाएं बनती भी हैं और जमीन पर उतरती भी है। शिलान्यास और उद्घाटन दोनों एक ही कार्यकाल में होता है। पहले बिचौलिए लाभार्थियों का पैसा खाते थे, आज बिचौलिया संस्कृति को खत्म किया गया है। भ्रष्टाचार के दीमक को खत्म किया जा रहा है। पहले के प्रधानमंत्री कहते थे, गरीबों को एक रूपया भेजता हूं, तो केवल 15 पैसे जनता तक पहुंच पाते हैं। न जाने कौन सा पंजा था कि रूपये में 85 पैसे को खा जाता था। आज नरेन्द्र मोदी सरकार में 100 रूपये भेजे जाते हैं तो 100 रूपए पहुंचते हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार में तो इसमें और अधिक पैसा जुड़कर गरीबों तक पहुंचता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों के 85 पैसा खाने वाले पंजे से अर्थव्यवस्था को निकालकर इसे भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है।
श्री तेली ने कहा कि बीते 9 सालों में भारत ने गुलामी की बेड़ियां तोड़ी हैं। राजपथ अब कर्तव्य पथ है, रेस कोर्स रोड अब लोक कल्याण मार्ग है और प्रधानमंत्री, प्रधानसेवक के रूप में जनता-जनार्दन की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने देश के सोचने के स्केल के ऊपर उठाया है। धारा 370 धाराशायी हुआ, ट्रिपल तलाक की कुप्रथा खत्म हुई और आतंकवाद पर सर्जिकल हुआ, एयर स्ट्राइक हुआ। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है। इंडिया गेट पूरी तरह से बदल गया है। जहां पर जार्ज पंचम की मूर्ति थी, आज वहां सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा हैं। वीरों की गाथा गाता हुआ नेशनल वॉर मेमोरियल है।
उन्होंने कहा कि बीते 9 वर्षों में देश में लगभग 48 करोड़ लोगों के जन-धन एकाउंट खोले, उज्ज्वला योजना के तहत साढ़े 9 करोड़ और गैस कनेक्शन वितरित किये गये, देश में लगभग साढ़े तीन करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई गई, 11 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया, 10 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है और लगभग साढ़े 12 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया गया है। पीएम आवास योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक गरीबों को घर दिए गए। आवास निर्मित हुए है और हर घर में बिजली, पानी, गैस, शौचालय और आयुष्मान कार्ड पहुंचाया गया। देश में लगभग 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, असम के भाजपा प्रदेश मंत्री श्री मानस, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला, महाजनसंपर्क अभियान के संभाग मीडिया प्रभारी मिलन भार्गव, लोकसभा संयोजक वसंत बाबा माकोडे, जिला संयोजक सुधाकर पंवार, सूर्यदीप त्रिवेदी विशेष रूप से मौेजूद रहे।



