बैतूल अपडेट

Betul Road Accident: बैतूल-परतवाड़ा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, खड़ी ट्रॉली से टकराई बाइक, 17 वर्षीय युवक की मौत

Betul Road Accident: Tragic accident on the Betul-Paratwada Highway; bike collides with a stationary trolley, 17-year-old youth dies.

Betul Road Accident: बैतूल-परतवाड़ा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, खड़ी ट्रॉली से टकराई बाइक, 17 वर्षीय युवक की मौत
Betul Road Accident: बैतूल-परतवाड़ा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, खड़ी ट्रॉली से टकराई बाइक, 17 वर्षीय युवक की मौत

Betul Road Accident: बैतूल-परतवाड़ा स्टेट हाईवे पर गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा केरपानी घाट में रात करीब 12:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पर पंचर होने के कारण खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मजदूरी कर लौट रहा था युवक

मृतक की पहचान ग्राम जमन्या निवासी दुर्गेश पिता मुन्ना कासदेकर (17) के रूप में हुई है। दुर्गेश मजदूरी का काम करता था। गुरुवार रात वह अपने एक साथी के साथ बैतूल से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। घायल का उपचार कराया जा रहा है।

खड़ी ट्रॉली से टकराई बाइक

पुलिस के अनुसार जैसे ही दोनों युवक केरपानी घाट पहुंचे, उनकी बाइक सड़क पर पंचर होने के कारण खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। रात का समय होने और सड़क पर पर्याप्त संकेतक नहीं होने के कारण बाइक चालक ट्रॉली को समय रहते नहीं देख सका। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्गेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही झल्लार थाना प्रभारी वाहिद खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

ड्राइवर ट्रैक्टर लेकर हुआ फरार

थाना प्रभारी वाहिद खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रैक्टर का पंचर होने के कारण ट्रॉली सड़क पर खड़ी थी। नियमानुसार चालक को ट्रॉली के पीछे रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेत या अन्य सुरक्षा इंतजाम करना चाहिए था ताकि आने वाले वाहन चालक सतर्क हो सकें। लेकिन चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया और ट्रॉली सड़क पर ही छोड़ दी। इससे हादसे की आशंका और बढ़ गई।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सड़क पर बिना सुरक्षा संकेतों के ट्रॉली खड़ी किए जाने में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देशदुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com सेआज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button