Betul News Today: गर्मी से पहले सख्ती: हेमंत खंडेलवाल की बड़ी बैठक, पेयजल और विकास कार्यों पर दिए कड़े निर्देश
Betul News Today: गांवों में जल संकट रोकने की तैयारी तेज, 31 मार्च तक निर्माण कार्य पूरे करने के आदेश

Betul News Today: आगामी गर्मी को देखते हुए जिले में पेयजल संकट की आशंका को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संयुक्त बैठक में साफ कहा गया कि किसी भी गांव में पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए और शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने और समयसीमा में उन्हें पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
संयुक्त बैठक में कई विभागों की समीक्षा
मंगलवार को संयुक्त तहसील कार्यालय के सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की अहम बैठक आयोजित हुई। इसमें केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उईके, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन, वन मंडल अधिकारी नवीन गर्ग और अरिहंत कोचर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल निगम, जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग के चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
गर्मी में पेयजल आपूर्ति पर विशेष जोर
बैठक में आगामी ग्रीष्मकाल के मद्देनजर पानी की उपलब्धता को लेकर गंभीर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जिन गांवों में हर साल जल संकट की स्थिति बनती है, वहां पहले से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। हेमंत खंडेलवाल ने निर्देश दिए कि पेयजल से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला पंचायत को नोडल बनाया जाए। जिन स्थानों पर हैंडपंप खराब हैं या बोर और मोटर में समस्या है, वहां लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और पंचायत आपसी समन्वय से तुरंत मरम्मत कार्य कराएं।
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके ने भी निर्देश दिए कि चिन्हित गांवों में गर्मी के दौरान बेहतर जल प्रबंधन किया जाए। डॉ. योगेश पंडाग्रे ने पहले से संचालित नल-जल योजनाओं का पुनः सर्वे कराने की बात कही, ताकि जहां व्यवस्था प्रभावित है वहां सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने जल संकट से प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा
बैठक में जल निगम के अंतर्गत गढ़ा, मेढ़ा, वर्धा और घोघरी सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा की गई। हेमंत खंडेलवाल ने संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाने को कहा। जिले में सिंचाई और पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए जल संसाधन विभाग को 5 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तक की लागत वाले बैराज, केनाल और अन्य निर्माण कार्यों के लिए शीघ्र स्थान चयन करने के निर्देश दिए गए। सिरपुर जैसे सफल प्रोजेक्ट का अध्ययन कर 10 संभावित स्थान चिन्हित करने की बात भी कही गई।
घोड़ाडोंगरी और बैतूल में नए प्रस्ताव
विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके ने घोड़ाडोंगरी के खर्राघाट क्षेत्र में बैराज या डैम का प्रस्ताव रखने की मांग की। साथ ही जर्जर बैराज और डैम की प्राथमिकता से मरम्मत कराने और बैतूल नगर में नए डैम के लिए स्थान चयन करने की बात कही। अधिकारियों ने जानकारी दी कि घोघरी डैम में इस समय पर्याप्त पानी उपलब्ध है, जिससे नगर में जल आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी। विधायक देशमुख ने पारसडोह परियोजना से जुड़े लंबित मुआवजा मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : Betul Road Accident: बैतूल में भीषण सड़क हादसा: खड़ी क्रेन से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन दोस्तों की मौके पर मौत
सड़क और अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा
बैठक में लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा की गई। विधायकों ने अपने क्षेत्रों की आवश्यक सड़कों को प्राथमिकता से योजना में शामिल करने और परफॉर्मेंस पीरियड के अंतर्गत आने वाली सड़कों का अनिवार्य रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। भरापुर से मेलगांव और मुलताई से दुनावा मार्ग की मरम्मत के निर्देश भी दिए गए। केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
31 मार्च तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
विधायक निधि और विशेष निधि से हो रहे सामुदायिक भवन, पुलिया और अन्य विकास कार्यों की विधानसभा स्तर पर समीक्षा की गई। जहां प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, वहां संबंधित सरपंच और सचिवों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट कहा गया कि 31 मार्च तक सभी निर्माण कार्य पूरे किए जाएं। जिन परियोजनाओं की पहली किश्त जारी हो चुकी है, उनकी समीक्षा कर पात्र कार्यों के लिए दूसरी किश्त जारी की जाए। 30 मार्च को दोबारा समीक्षा बैठक प्रस्तावित है।
वन विभाग से जुड़ी अनुमति और अन्य प्रस्ताव
बैठक में जनजातीय पूजा स्थलों पर प्रस्तावित निर्माण कार्यों के लिए वन विभाग से अनुमति के विषय पर भी चर्चा हुई। चिरमा टोकरी सहित चिन्हित देवस्थलों पर हैंडपंप, शेड और मंच निर्माण की अनुमति देने का मुद्दा रखा गया। भौरा ग्राम पंचायत में चल रहे तालाब निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वन विभाग के अंतर्गत ट्राइबल सेंटर और बटरफ्लाई पार्क स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने दोहराया कि विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण हों और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। गर्मी के मौसम में आम लोगों को पानी की परेशानी न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com




