Betul News : बगैर किसी आदेश के फर्जी तरीके से किया था रिकॉर्ड अपडेट, एसडीएम ने किया पटवारी जितेंद्र पवार को सस्पेंड
Betul News: Records were updated fraudulently without any order, SDM suspended Patwari Jitendra Pawar

Betul News: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष और बैतूल तहसील के भरकावाड़ी में पदस्थ पटवारी जितेंद्र पवार को एसडीएम केसी परते ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के मामले में उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। एसडीएम द्वारा 29 मई को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
एसडीएम श्री परते द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम भरकावाड़ी में स्थित कृषि भूमि खसरा नंबर 72/1, 76/1, 77/1 के रिकॉर्ड काे बिना किसी आदेश के दुरूस्त कर हेराफेरी कर दी गई थी। इस मामले में 02 मई 2023 को डॉ. शेख अहमद हनफी चीफ मेडिकल आफिसर भोपाल के द्वारा कलेक्टर से शिकायत की गई थी। शिकायत की जांच एसडीएम बैतूल के द्वारा नायब तहसीलदार बैतूल से कराई गई। जांच में पाया गया कि ग्राम भरकावाड़ी की खसरा नकल वर्ष 2021-22 में खसरा नंबर 72/1, 76/1, 77/1 पर कैफियत में अंकित टीप न्यायालय अपर तहसीलदार के प्रकरण क्रमांक 2649 / अ-6/2011-12 आदेश दिनांक 21 / 3 / 2012 के अनुसार खसरा नंबर पर शेख मुख्तार पिता अब्दुल हकीम का नाम दर्ज है।
- Also Read : UPSC Success Story : 10 वीं फेल होने पर मान ली हार, पिता की एक सलाह ने बदल दी जिंदगी, पास कर गए UPSC परीक्षा
नायब तहसीलदार बैतूलबाजार के जांच प्रतिवेदन के अनुसार प्रकरण क्रमांक 2649/अ- 6 / 2011-12 मौजा भरकावाड़ी का प्रकरण दायरा पंजी में दर्ज होना नहीं पाया गया। एसडीएम ने आदेश में उल्लेख किया है कि प्रथम दृष्टया जितेन्द्र पंवार पटवारी ग्राम भरकावाड़ी द्वारा बिना किसी आदेश के फर्जी तरीके से अभिलेख अद्यतन कर हेरा-फेरी की गई तथा अपने कर्तव्यों का दुरूपयोग किया गया। इस कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय चिचोली में रहेगा तथा जीवन निर्वाह भत्ता नियमानुसार देय होगा। गौरतलब है कि पटवारी जितेंद्र पवार बीते कई सालों से पटवारी संघ के बैतूल जिला अध्यक्ष भी हैं।



