Betul News: चिचोली रेंज की नांदा बीट में सागौन के पांच पेड़ जमींदोज, पूरी लकड़ी भर कर ले गए तस्कर

Betul News: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की चिचोली रेंज में एक बार फिर अवैध कटाई होने का मामला सामने आया है। इस रेंज की नांदा सर्किल की इसी बीट में सागौन के विशालकाय 5 पेड़ों को जमींदोज कर दिया गया। इसके बाद तस्कर पूरी लकड़ी भर कर ले गए। मजेदार बात यह है कि नाके से महज 300 मीटर की दूरी पर इतनी बड़े पैमाने पर कटाई होने के बावजूद विभागीय अमले को भनक तक नहीं थी। वहीं मामले का खुलासा होने पर पर्दा डालने का प्रयास भी किया गया।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक नांदा बीट के कंपार्टमेंट क्रमांक 1154 में भूरापानी के पास आरे से सागौन के 5 विशाल पेड़ों को काटा गया है। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात में यह कटाई होने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार आरे से पेड़ काटे गए और तस्कर लकड़ी वाहन में भर कर ले गए। ग्रामीणों का यह कहना भी है कि यह पेड़ इतने बड़े-बड़े थे कि इन 5 पेड़ों की लकड़ी से ही ट्रक भर गया होगा।

इधर बेखौफ होकर पेड़ काटने के बाद आरोपी लकड़ी भी ले गए और स्थानीय वन अमले को इसकी खबर ही नहीं थी। इससे विभागीय सक्रियता का आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। इधर मामले का खुलासा हुआ और मैदानी अमले को जब खबर लगी तो इस अवैध कटाई पर पर्दा डालने के लिए पहले तो ड्रेसिंग कराई गई और फिर ठूंठों को गीली मिट्टी से छबाई कर पत्तों से ढांक दिया गया ताकि कटाई का पता ही नहीं चल सके। यहां देखें अवेध कटाई का वीडियो…
छह माह में 4 जगह अवैध कटाई
बताया जाता है कि बीते 6 महीनों में नांदा सर्किल में ही सागौन चोरों ने 4 अलग-अलग जगह पर आरे से सागौन पेड़ काटे हैं। कटाई की सूचना के बाद भी वन अमले ने सागौन चोरों को ढूंढना तो दूर पीओआर भी नहीं किया। उल्टा पूरे मामले को रफा दफा करने की नीयत से ठूंठ ही गायब कर दिए। इससे विभागीय अमले की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि पश्चिम वन मंडल के डीएफओ वरूण यादव को इस मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं।



