Betul News Accident: ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल; बस की टक्‍कर से घायल हुए दो छात्र

Betul News Accident: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले (Betul In Mp) में सड़क हादसों का क्रम लगातार जारी है। शुक्रवार शाम को मुलताई-बोरदेही मार्ग (Multai-Bordehi Road) पर महतपुर जोड़ के पास भी एक हादसा हो गया। इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को रौंद दिया। जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा युवक गंभीर घायल हो गया। दोनों युवक सांडिया के बताए जा रहे हैं।

मृतक के परिजन महेंद्र ठाकरे ने बताया कि अरुण उर्फ बबलू पिता यादोराव (40 वर्ष) गांव के ही रवि पिता अमृत राव ठाकरे (36 वर्ष) के साथ बोरदेही सोयाबीन कटाई के लिए मजदूर ढूंढने गया था। वहां से शाम को मुलताई लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत (Tractor Trolly Bike Accident) हो गई। जिससे अरुण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रवि गंभीर घायल हो गया है। घायल रवि को मुलताई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।

गौरतलब है कि बोरदेही रोड पर शाम के समय में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। विगत कुछ दिनों पूर्व सोनोरा निवासी युवक की भी उक्त मार्ग पर ही दुर्घटना में मौत हुई थी। बताया जा रहा है कि शाम के बाद बोरदेही मार्ग पर चार पहिया वाहन तेजी एवं लापरवाही पूर्वक चलाए जाते हैं। जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही है।

इससे पूर्व कल भीमपुर ब्लॉक में बैतूल-खंडवा मार्ग पर स्थित लेडदा घाट में एक ट्रक और क्रेन की भिडंत हो गई थी। जिसमें ट्रक ड्राइवर और क्लीनर ट्रक की केबिन में बुरी तरह से फंस गए थे। उन्हें घंटों की मशक्कत के बाद गैस कटर से केबिन काटकर निकाला गया था। उससे पहले नहिया और पंखा के बीच एक महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई थी।

बस की टक्‍कर से घायल हुए दो छात्र 

बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी ब्लॉक ग्राम झोली के पास शनिवार सुबह एक बस की टक्‍कर से बाइक सवार दो छात्र घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार लखीपुर निवासी दो छात्र बाइक सेे स्कूल जा रहे थे। यात्री बस ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में राहुल मंडल और सुजीत घायल हो गए, जाेे कक्षा 9वी के छात्र हैं। दोनाें छात्राें को घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC Ghodadongri) से जिला अस्पताल (District Hospital Betul) रेफर कर दिया है। चोपना पुलिस हादसे की जांच कर रही है।