Betul News : दही काला के साथ काकड़ा आरती का समापन : भगवान को अर्पित किया माखन, मिश्री, दही और पंचमेवा का भोग
• लोकेश वर्मा, मलकापुर
Betul News : बैतूल जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम मलकापुर के राधा कृष्ण मंदिर में कार्तिक मास में विगत 70 वर्षों से काकड़ा आरती का आयोजन किया जा रहा है। हिंदू धर्म के सबसे पवित्र मास कार्तिक मास में भगवान विष्णु की पूजा सूर्योदय के पूर्व करने का विधान माना गया है जिससे अत्यंत फल की प्राप्ति होती है।
राधा कृष्ण मंदिर में भी सूर्योदय के पूर्व प्रतिदिन काकड़ा आरती का आयोजन किया जा रहा था। जिसमें भक्त शामिल हो रहे थे। कार्तिक मास में मंदिर का दिव्य और अलौकिक वातावरण हृदय में पवित्रता के भाव जगा देता है। काकड़ा एक प्रकार की कपड़े की बनी हुई लम्बी बाती होती है जिससे भक्त अपने अपने हाथ में जलाकर भगवान की सामूहिक आरती करते हैं।
राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी श्रीकांत धामने ने बताया कि कार्तिक मास में सुबह 4 बजे मंदिर के गर्भग्रह में विराजमान श्री हरि (कृष्ण) राधा की सुंदर, आकर्षक, मनोहारी प्रतिमा के सन्मुख घंटा ध्वनि कर भगवान को जगाया जाता है। फिर स्नान आदि कराकर नवीन श्रंगार किया जाता है जो कि देखते ही बनता है। इसके बाद बाल भोग उपरांत आरती प्रारंभ होती है।
- यह भी पढ़ें… Betul News: हद है… दो शादीशुदा बच्चों की मां प्रेमी संग हुई फरार, जगहंसाई और बदनामी से व्यथित पति ने पीया जहर
आज कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान की काकड़ा आरती के उपरांत दही काला का भी आयोजन किया। जिसमें भगवान का प्रिय भोजन माखन, मिश्री, दही, पंचमेवा इत्यादि को मिलाकर दही हांडी में भगवान के सम्मुख रखा गया एवं आरती के तदुपरांत भक्तों को वितरित किया गया।



