Betul News : अचानक धूं-धूं कर जलने लगा ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों की सूझ बूझ से बची पास की गेहूं की फसल
Betul Ki Khabar : Suddenly the transformer started burning, the nearby wheat crop was saved due to the wisdom of the villagers.
▪️ मनोहर अग्रवाल, खेड़ी सांवलीगढ़
बैतूल जिला मुख्यालय के समीप स्थित खेड़ी सांवलीगढ़ में बिजली से जुड़े हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। कुछ दिन पहले ही खेड़ी सांवलीगढ़ के एक रिहायशी इलाके में केबल में आग लग गई थी। यहां बड़ा हादसा होते-होते बचा था। अब शनिवार की शाम 5 बजे बैतूल मार्ग पर ग्राम पंचायत की नल जल योजना के बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक ब्लास्ट के बाद आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी जबरदस्त तरीके से लगी कि समीप के खेत में लगी फसल को कुछ ही देर में अपनी चपेट में ले लेती। यदि खेत में आग पहुंचती तो लगभग पक चुकी फसल भी धूं-धूं कर जल उठती। इसे देखते हुए पहले फसल बचाने के जतन जरुरी थे।
यही कारण है कि पम्प चालक काजू राने और लाइनमेन श्री साबले के प्रयास से पहले लाइट बंद की गई। इसके बाद केबल में लग रही आग को बुझाया गया। बाद में मीटर बॉक्स जो कि पूरा तरह आग में जल चुका था, उसकी आग बुझाई गई। घटना स्थल पर काफी भीड़ इकठ्ठा हो गई थी। आग पर बमुश्किल काबू पाया गया।
बताया जाता है कि पम्प चालक काजू राने मौके पर नहीं पहुंचता तो शायद गेहूं की फसल भी इस ट्रांसफार्मर की भेंट चढ़ जाती। यह आग लगने से पंचायत की जलापूर्ति भी प्रभावित हो सकती है। संभावना जताई जा रही है कि ट्रांसफार्मर बदलना पड़ सकता है। ऐसे में उसके बाद ही जलापूर्ति हो सकेगी।



