Betul Murder News: बेटे ने की मां की हत्या, पारिवारिक विवाद पर उठाया कदम, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Betul Murder News: साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के सेमझिरा गांव की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज

Betul Murder News: बैतूल जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने ही अपनी मां की जान ले ली। साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमझिरा में पारिवारिक विवाद के दौरान हुए इस हत्याकांड ने इलाके को स्तब्ध कर दिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
संदिग्ध मृत्यु की मिली थी सूचना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग क्रमांक 10/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कई लोगों के बयान दर्ज किए, जिनमें रूपसिंह सिसोदिया, सुहागाबाई सिसोदिया, उमाबाई सिसोदिया, उर्मिला सिसोदिया और संगीताबाई अतुलकर शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि मृतका गेंदीबाई बाघमारे अपने पुत्र लखन बाघमारे (48 वर्ष) के साथ ग्राम सेमझिरा में रहती थी। पुलिस के अनुसार आरोपी का स्वभाव काफी विवादित बताया गया है और वह अक्सर घर में झगड़ा करता रहता था।
विवाद की आवाजें पड़ोसियों ने भी सुनीं
बताया गया कि 2 मार्च 2026 की रात भी मां-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों के बीच तेज बहस और झगड़े की आवाजें आसपास रहने वाले लोगों ने भी सुनी थीं। बाद में महिला की मृत्यु हो गई, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
जांच के दौरान प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बताया कि महिला की मौत गला दबाने के कारण हुई है। रिपोर्ट में कंठिका अस्थि यानी हायॉइड बोन में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई, जिससे स्पष्ट हो गया कि गेंदीबाई बाघमारे की हत्या की गई है।
- यह भी पढ़ें : Arjun Tendulkar Wedding: सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने रचाई शादी, जानिए कौन हैं उनकी पत्नी सानिया चंदोक
आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
मर्ग जांच, मर्ग इंटिमेशन, देहाती मर्ग नालसी, शव पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी लखन बाघमारे के खिलाफ अपराध क्रमांक 30/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया। इसके बाद साईंखेड़ा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
मामले की कार्रवाई में निरीक्षक राजन उईके, उप निरीक्षक पूनम चंद साहू, प्रधान आरक्षक रामानंद धुर्वे, राजकुमार, दिलीप झड़बड़े, देवेंद्र ठाकुर, आरक्षक विकास जैन, विनोद साहू, अमित टीकम, संतराम, बबलू धुर्वे, प्रधान आरक्षक चालक रविंद्र नागले और सैनिक मुंशीलाल सिरसम की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने की यह अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने इस घटना पर चिंता जताते हुए नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक या घरेलू विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार का विवाद या संकट की स्थिति बने तो तुरंत डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि समय रहते मदद और कार्रवाई की जा सके।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com




