Betul Crime News: पत्नी से करता था मारपीट, इसलिए सालों और चाचा ससुर ने लाठियों से पीटकर उतार दिया मौत के घाट
Betul Crime News: Used to fight with his wife, so for years uncle and father-in-law beat him to death with sticks
▪️ अंकित सूर्यवंशी, आमला
Betul Crime News: बैतूल जिले के ग्राम ऐनस में हुए युवक के अंधे कत्ल का पुलिस ने मात्र 12 घण्टे में खुलासा कर दिया है। मृतक की हत्या और किसी ने नहीं बल्कि उसके ही सालों और चाचा ससुर ने लाठी से पीट-पीट कर की थी। हत्या की वजह यह थी कि मृतक अपनी पत्नी को ठीक से नहीं रखता था और आए दिन मारपीट करता था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आमला टीआई संतोष पंद्रे ने बताया कि घटना दिनाँक 06 जुलाई 2023 को ग्राम कोटवार ऐनस दिनेश चौकीकर ने रिपोर्ट की कि ग्राम ऐनस में सुभाष कोड़ले के खेत में गन्नाबाड़ी के अंदर हमारे गाँव के जमाई अरविन्द डिगरसे का शव पड़ा हुआ है। शव पर सिर, शरीर व पैर में चोंट के निशान हैं। किसी अज्ञात व्यक्ति ने अरविन्द डिगरसे को लाठी–डण्डों से मारकर चोट पहुँचाकर हत्या करके लाश छुपाने की नियत से लाश को गन्ना बाड़ी के अंदर ले जाकर डाल दिया है। तत्काल घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई तथा फरियादी की रिपोर्ट पर देहाती नालसी अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 201 का प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक बैतूल सिद्धार्थ चौधरी के द्वारा शीघ्र अंधे कत्ल के आरोपियों की पतासाजी कर खुलासा करने निर्देश दिये गये। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी के निर्देशन में एसडीओपी मुलताई नम्रता सोधिया के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी में लगाया गया। विवेचना के दौरान पाया गया कि मृतक अरविन्द डिगरसे की कार टाटा नैनो क्रमाँक MP-48/B-0380 नीले रंग की बिना छत की ग्राम ऐनस में ससुराल के मकान के सामने खड़ी मिली है। जिसके काँच फूटे हुए पाये गये। मृतक का साला युवराज कोड़ले भी घर पर नहीं मिला।
ग्रामीणों के द्वारा खेत तरफ जाना बताया गया। आज युवराज कोड़ले और उसके चाचा शिवचरण कोड़ले को अभिरक्षा में लेकर गवाहों के समक्ष पूछताछ की गई। वे कभी कुछ तो कभी कुछ बताकर गुमराह करते रहे। जब हिकमत अमली से पूछताछ की गई तो युवराज कोड़ले ने जुर्म स्वीकार कर बताया कि अरविंद डिगरसे ने उसकी बहन इंद्रा पवार से दूसरी शादी की थी। उसकी बहन को वह ठीक से नहीं रख रहा था तथा आये दिन मारपीट करता था।
विगत 02 जुलाई को भी बहन इन्द्रा को अरविन्द डिगरसे ने ग्राम रौंढा ले जाकर बुरी तरह मारपीट किया था। जिसका इलाज मुलताई मे चल रहा है। कल सुबह 05 बजे भी वह ग्राम ऐनस में घर पर झगड़ा करने आया था। झगड़ा होने पर अरविन्द खेत की तरफ भागा तो मैं तथा मेरे चाचा शिवचरण और भाई राहुल भी लट्ठ लेकर उसके पीछे गये और खेत में जीजा अरविन्द को पकड़कर लट्ठ और डण्डे से मारकर हत्या कर दिये। किसी को पता नहीं चले इसलिये भोजू कोड़ले और निक्की कोड़ले की मदद से लाश को उठाकर सुभाष कोड़ले के खेत में गन्ना बाड़ी में डालकर वापस घर आ गये। इस पर युवराज कोड़ले, शिवचरण कोड़ले और राहुल कोड़ले को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लट्ठ बरामद कर लिया गया है। आरोपी भोजू कोड़ले और निक्की कोड़ले की तलाश की जा रही है।
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक सन्तोष पन्द्रे थाना प्रभारी आमला, एएसआई एमएल गुप्ता, गंभीर सिंह, रामेश्वर सिंह , आरक्षक नितेश लोखण्डे, नागेन्द्र सिंह , महिला आरक्षक इमला की भूमिका रही है।



