Betul Bhopal Highway Accident: बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, पति-पत्नी को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत, बाल-बाल बची मासूम
Betul Bhopal Highway Accident: बांचा जोड़ के पास संकीर्ण पुलिया पर हुआ हादसा, ट्रक चालक फरार, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

Betul Bhopal Highway Accident: बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे पर शनिवार शाम एक बार फिर तेज रफ्तार और अव्यवस्थित सड़क व्यवस्था ने दो जिंदगियां छीन लीं। पाढर और बरेठा के बीच स्थित बांचा जोड़ के पास हुए इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी ढाई साल की मासूम बेटी किसी तरह बच गई। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम पसरा है और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
दोनों की घटना स्थल पर मौत
शनिवार शाम बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे पर पाढर-बरेठा के बीच बांचा जोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रक पति-पत्नी को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनकी मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल इलाज के लिए शाहपुर अस्पताल भेजा गया।
नर्मदापुरम जिले का है पीड़ित परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक नर्मदापुरम जिले के बाबई थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलक वार्ड सोहागपुर निवासी विजय यादव 47 वर्ष और उनकी पत्नी आरती यादव 40 वर्ष हैं। दोनों अपनी ढाई साल की बेटी के साथ बाइक क्रमांक एमपी-20 एमएक्स 4636 से बैतूल से इटारसी की ओर जा रहे थे। उसी दौरान भोपाल से बैतूल की ओर आ रहे ट्रक क्रमांक एमएच-36 एए 2065 ने संकीर्ण पुलिया पर बाइक को टक्कर मार दी।
- यह भी पढ़ें : Farmers 10000 Rupees Incentive: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह का बड़ा ऐलान, किसानों को मिलेंगे 10 हजार रुपये
पुलिया पर हादसे के बाद की स्थिति
हादसे के बाद तीनों सड़क पर गिर गए। विजय और आरती ट्रक की चपेट में आ गए और ट्रक उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गया। आरती की गोद में बच्ची थी, लेकिन सौभाग्य से ट्रक का पहिया बच्ची के ऊपर से नहीं गुजरा। हालांकि उसे चोटें आई हैं और उसका इलाज शाहपुर अस्पताल में जारी है।
ग्रामवासियों ने दी पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र कवड़े, खदारा सरपंच तारा कवड़े, रामकिशोर धुर्वे सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने मृतक पति-पत्नी के शव पोस्टमार्टम के लिए शाहपुर भेज दिए हैं। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
- यह भी पढ़ें : Betul Mandi Bhav Today: बैतूल मंडी में 7 फरवरी 2026 को हुई 15802 बोरे आवक; चना, सोयाबीन और मक्का के जानें भाव
संकीर्ण पुलिया पर आए दिन होते हादसे
इस हादसे के बाद बरेठा घाट क्षेत्र की संकीर्ण पुलियाएं फिर चर्चा में आ गई हैं। बैतूल-भोपाल फोरलेन मार्ग पर इस हिस्से में अभी तक फोरलेन का निर्माण नहीं हो पाया है। यहां मौजूद दो संकीर्ण पुलियाओं पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया पर मुंडेर या रेलिंग नहीं होने के कारण वाहन असंतुलित हो जाते हैं। प्रशासन से कई बार सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और पुलिया पर मुंडेर बनाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ प्रशासन के प्रति नाराजगी भी साफ नजर आ रही है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



