▪️उत्तम मालवीय, बैतूल
Betul: मध्यप्रदेश के बैतूल में चार महीने पहले एक वृद्ध की अज्ञात आरोपियों ने हत्या कर दी थी। बैतूल कोतवाली की पाढर पुलिस चौकी के अंतर्गत हुए इस हत्या के इस मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के मुताबिक मृतक झाड़ फूंक के नाम पर लोगों को बेवकूफ बनाता था। इसी बात को लेकर उनका उससे विवाद हुआ था। जिसके बाद उन्होंने उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि एक जून 2022 को सुखदेव बट्टी ने रिपोर्ट की कि उसके पिता बिरसु बट्टी उम्र करीबन 62 वर्ष की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी हैं। रिपोर्ट पर अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि मृतक बिरसु वट्टी ग्राम लापाझिरी में बटाई पर खेत लिया हुआ था। जिसकी देखभाल करने हेतु वहीं पर टपरिया बनाकर रहता था। इसके साथ ही भगतगिरी व झाड़ फूंक भी करता था। खेत के पास ही में ईंट बनाने का भट्टा भी था। जिस पर काम करने वाले मजदूरों का आना जाना मृतक बिरसु की टपरिया पर होता था। मृतक बिरसु भी शराब पीने का आदि था। इस कारण मजदूरों का आना जाना लगा रहता था।
ज्ञात हुआ कि भट्टे पर काम करने वाले नंदु आहके एवं गरीबा सिरसाम का उसके पास ज्यादा आना जाना था। इसके साथ ही घटना के बाद से दोनों भट्टा छोड़कर चले गये थे। जिन्हें संदिग्ध होने पर अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि मृतक बिरसु झाड़ फूंक करता था और लोगों को बेवकूफ बनाता था। इसी बात पर हमारे बीच में कहा सुनी हो गयी थी। इसके बाद हम दोनों ने मिलकर हाथ-मुक्की एवं पत्थर से मारपीट कर हत्या कर दी। मृतक के शव को नाले के पास मोटर सायकल से ले जाकर फेंक दिया।
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल बैतूल दाखिल किया गया है। उक्त कार्यवाही में मुख्य भूमिका थाना प्रभारी अपाला सिंह, एसआई रवि ठाकुर, एएसआई अजय भाट, हेड कांस्टेबल ज्ञानसिंह टेकाम, नीलेश मीणा, कांस्टेबल लालसिंह राठौर, आकाश सेठिया, जितेन्द्र मोरे, सैनिक ईश्वरसिंह और रामभाउ की सराहनीय भूमिका रही।